ChhattisgarhUncategorized

बेमेतरा में महिला के गले से सोने का हार झपटकर फरार आरोपी गिरफ्तार, दुर्ग के दो आरोपी पकड़ाए; 2.36 लाख का सामान बरामद

बेमेतरा, 23 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में चलती मोटरसाइकिल पर महिला के गले से सोने का गुलबंद हार झपटकर फरार होने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में झपटमारी का सामान खरीदने वाले एक अन्य आरोपी को भी पकड़ा गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से सोने के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल सहित कुल 2 लाख 36 हजार रुपये का सामान बरामद किया है। SP त्रिलोक बंसल (IPS) ने मामले का खुलासा किया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम मलपुरीखुर्द निवासी गंगु राम यादव ने 16 नवंबर 2026 को थाना बेरला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को वह अपनी मोटरसाइकिल से अपनी सास दुरपति यादव और पत्नी सोहद्रा यादव को बैठाकर ग्राम सोढ़ से बेरला होते हुए मलपुरीखुर्द जा रहे थे। उनके साढ़ू और साली दूसरी मोटरसाइकिल से पीछे आ रहे थे।

दोपहर करीब 3:15 बजे जब वे दुधनंगा नाला, बासा बेरला से रायपुर रोड के पास पहुंचे, तभी सफेद गमछा बांधे एक अज्ञात बाइक सवार ने उनका पीछा किया और पीछे बैठी सोहद्रा यादव के गले से सोने का गुलबंद हार झपटकर फरार हो गया। शिकायत पर पुलिस ने धारा 304(2) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी त्रिलोक बंसल के निर्देशन तथा अतिरिक्त SP डॉ. हरीश यादव और एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा के मार्गदर्शन में साइबर सेल एवं थाना बेरला की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम माटरा में एक व्यक्ति सोने के जेवर बेचने के लिए लोगों से संपर्क कर रहा है। सूचना पर पुलिस ने प्रणत पाल साहू (35 वर्ष), निवासी माटरा, थाना नंदनी, जिला दुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने झपटमारी की वारदात स्वीकार कर ली।

दुर्ग जिले में भी कई वारदातों का खुलासा

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने 15 नवंबर को बेरला क्षेत्र में दुधनंगा नाला के पास राहगीर से सोने का नेकलेस और मंगलसूत्र झपटने की बात स्वीकार की। इसके अलावा 12 नवंबर को दुर्ग जिले के धमधा थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी मेन रोड पर भी राहगीर से सोने का नेकलेस, मराठी माला के दो लॉकेट और 12 नग सोने के मटर दाने झपटने की जानकारी दी।

आरोपी ने धौराभाठा में एक घर का ताला तोड़कर नकदी चोरी करने की बात भी बताई। झपटमारी से प्राप्त सोने के आभूषणों को जेवरा सिरसा के ज्वेलर्स और अन्य दुकानों में बेचने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ चोरी और चेन स्नेचिंग के करीब पांच मामले दर्ज हैं। दुर्ग जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी उसकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।

2.36 लाख रुपये के जेवर और बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपी प्रणत पाल साहू के कब्जे से सोने की मराठी माला के दो लॉकेट, मंगलसूत्र का सोने का टुकड़ा, 12 नग सोने के मटर दाने और वारदात में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 07 DB 8211) बरामद की है। वहीं, हेमंत साहू (48 वर्ष), निवासी जेवरा सिरसा, जिला दुर्ग के कब्जे से करीब 70 हजार रुपये कीमत का टूटा हुआ सोने का नेकलेस बरामद किया गया।

दोनों आरोपियों से कुल करीब 2 लाख 36 हजार रुपये के सामान की बरामदगी हुई है। मुख्य आरोपी प्रणत पाल साहू को 22 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया जा रहा है। वहीं, हेमंत साहू के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

इस कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक मयंक मिश्रा, TI बेरला उप निरीक्षक राजकुमार साहू सहित साइबर सेल और थाना बेरला के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button