Chhattisgarh

Mahasamund News: पुलिस आरक्षक का शव जंगल में फांसी के फंदे पर लटका मिला, पुलिस विभाग में मचा हड़कंप

महासमुंद, 21 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में शनिवार सुबह एक पुलिस आरक्षक का शव जंगल में पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के मुड़मार बांधा जंगल की है। मृतक की पहचान 29 वर्षीय मिथिलेश कुमार लेढिया के रूप में हुई है, जो महासमुंद पुलिस कंट्रोल रूम में आरक्षक के पद पर पदस्थ था।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह जंगल की ओर गए ग्रामीणों ने एक पेड़ पर युवक का शव फांसी के फंदे से लटका देखा। यह दृश्य देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना कोतवाली थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मृतक की पहचान पुलिस आरक्षक मिथिलेश कुमार लेढिया के रूप में हुई।

पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि आरक्षक ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

आरक्षक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पुलिस विभाग में भी हलचल है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मृतक की मौत के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और अन्य तथ्यों को खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button