National

इंडिया के टॉप 1% में अनिल कपूर का खुलासा, बचपन में पिता की 1965 की फिल्म ‘टार्ज़न कम्स टू दिल्ली’ के लिए दिया था पहला शॉट, दारा सिंह थे हीरो

मुंबई, 20 नवंबर 2026: स्टार प्लस के शो ‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ में होस्ट अनिल कपूर अक्सर कंटेस्टेंट्स से हंसी-मज़ाक करते हुए अपनी ज़िंदगी के किस्से भी साझा करते हैं। आने वाले एपिसोड में ‘इंडियन टार्ज़न कपल’ के नाम से मशहूर जोड़ी से बातचीत के दौरान कुछ ऐसा ही हुआ। ‘टार्ज़न’ नाम सुनते ही अनिल को अपने पिता, निर्माता सुरिंदर कपूर की याद आ गई। उन्होंने 60 साल से भी पुराना एक किस्सा सुनाया, जब बचपन में उन्होंने पहली बार किसी फिल्म के लिए कैमरे का सामना किया था।

अनिल ने बताया कि उन्होंने अपना पहला शॉट पिता की 1965 की फिल्म ‘टार्ज़न कम्स टू दिल्ली’ के लिए दिया था। उस दिन उन्होंने कुतुब मीनार के सामने तस्वीरें भी खिंचवाई थीं। फिल्म में टार्ज़न का किरदार दिग्गज पहलवान और अभिनेता दारा सिंह ने निभाया था। उस दिन को याद करते हुए अनिल ने बड़े प्यार से बताया कि दारा सिंह कितने दिलदार इंसान थे।

अनिल कपूर ने कहा, “सबसे पहली बार मैंने ‘टार्ज़न कम्स टू दिल्ली’ में कैमरा फेस किया था। ये किसी को नहीं पता। तब हम कुतुब मीनार के सामने गए थे और वहाँ हमने तस्वीरें भी ली थीं। वहीं मैंने ‘टार्ज़न कम्स टू दिल्ली’ के लिए एक शॉट दिया था। जैसे ही ‘टार्ज़न’ का नाम सुना, मुझे अपने पिताजी याद आ गए और उस फिल्म की भी याद आ गई। दारा सिंह उस फिल्म के हीरो थे। रुस्तम-ए-हिंद दारा उन सबसे बेहतरीन और नेक इंसानों में से एक थे जिन्हें मैंने जाना। बहुत ही, बहुत ही बड़े दिल के और अच्छे इंसान थे दारा सिंह जी।”

देखिए ‘इंडिया के टॉप 1% – द अनिल कपूर शो’ इस शनिवार और रविवार रात 8 बजे, स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर।

Related Articles

Back to top button