Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ के दो वरिष्ठ IAS अधिकारियों को प्रमुख सचिव पद पर पदोन्नति, डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह को मिली नई जिम्मेदारी

रायपुर, 19 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ शासन ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के वर्ष 2002 बैच के दो वरिष्ठ अधिकारियों को पदोन्नति देते हुए प्रमुख सचिव के पद पर नियुक्त किया है। पदोन्नति पाने वाले अधिकारियों में डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह शामिल हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने 19 नवंबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।

जारी आदेश के अनुसार, डॉ. रोहित यादव को प्रमुख सचिव, वित्त विभाग के पद पर पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही उन्हें प्रमुख सचिव, जनसंपर्क विभाग का अतिरिक्त प्रभार तथा अध्यक्ष, पेंशन निराकरण समिति की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। इससे पहले वे सचिव, वित्त विभाग के साथ सचिव, जनसंपर्क विभाग और अध्यक्ष, पेंशन निराकरण समिति का दायित्व संभाल रहे थे।

इसी तरह डॉ. कमलप्रीत सिंह को प्रमुख सचिव, स्कूल शिक्षा विभाग के पद पर पदोन्नत किया गया है। वे इससे पहले स्कूल शिक्षा विभाग में सचिव के पद पर कार्यरत थे। अब उन्हें प्रमुख सचिव के रूप में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

दोनों अधिकारियों को प्रमुख सचिव वेतनमान (पे मैट्रिक्स लेवल-15) में पदोन्नति दी गई है। उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, नई दिल्ली द्वारा 13 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र के माध्यम से प्रमुख सचिव वेतनमान में पदोन्नति के लिए दो रिक्तियों का निर्धारण किया गया था। इसी के अनुरूप छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने दोनों वरिष्ठ IAS अधिकारियों की पदोन्नति और नवीन पदस्थापना का आदेश जारी किया है।

Related Articles

Back to top button