Chhattisgarh

बलौदाबाजार: बीच-बचाव करने गए व्यक्ति पर बांस के डंडे से जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

  • लवन थाना पुलिस की कार्रवाई, ग्राम बगबुड़ा से पकड़े गए तीनों आरोपी; घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा जब्त

बलौदाबाजार, 19 नवंबर। जिले के लवन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बगबुड़ा में मारपीट का मामला सामने आया है। घर के सामने हो रहे विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचे एक व्यक्ति पर तीन लोगों ने मिलकर हमला कर दिया। आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और बांस के डंडे से मारपीट कर उसे गंभीर चोट पहुंचाई। मामले में लवन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 10 नवंबर 2026 की रात करीब 8 बजे की है। प्रार्थी अपने घर के अंदर था। इसी दौरान घर के सामने झगड़े और गाली-गलौज की आवाज सुनकर वह बाहर निकला। वहां उसने देखा कि कुछ लोग उसके भाई बिट्टू वर्मा के साथ विवाद कर रहे थे। जब प्रार्थी अपने भाई को बचाने और विवाद शांत कराने पहुंचा, तो आरोपियों ने एक राय होकर उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।

इसके बाद आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों और थप्पड़ों से उसके चेहरे व शरीर पर हमला किया। इसी दौरान एक आरोपी ने लंबे बांस के डंडे से उसके सिर पर वार कर गंभीर चोट पहुंचाई।

घटना की रिपोर्ट पर थाना लवन में अपराध क्रमांक 400/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 115(2), 351(2), 118(1) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल ग्राम बगबुड़ा के कुआं चौक का निरीक्षण किया और पीड़ित, आहत तथा गवाहों के बयान दर्ज किए।

पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ग्राम बगबुड़ा से तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल लंबा बांस का डंडा भी जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में मालिकराम वर्मा उर्फ पटेल वर्मा (51 वर्ष), विवेक वर्मा उर्फ मोनू वर्मा (24 वर्ष) और लीलेश वर्मा उर्फ नीलमणि वर्मा (20 वर्ष), तीनों निवासी ग्राम बगबुड़ा, थाना लवन शामिल हैं। पुलिस द्वारा तीनों आरोपियों को 19 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

यह कार्रवाई SP गौरव राय के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में की गई। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मारपीट, हुड़दंग और हिंसक गतिविधियों में शामिल असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button