Chhattisgarh

आशा’ से संवरेगी ग्रामीण आजीविका, जिला पंचायत सीईओ ने केंद्रों का किया निरीक्षण, महिला स्व-सहायता समूहों से की चर्चा

जांजगीर-चांपा, 19 नवंबर 2026। ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करने तथा स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महात्मा गांधी रूरल इंडस्ट्रियल पार्क (रीपा) केंद्रों को ‘अटल आजीविका समृद्धि हाट’ (आशा) के रूप में विकसित करने की दिशा में जिले में पहल तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में गुरुवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम ने बलौदा विकासखंड के जर्वे च,महुदा ब, नवागढ़ विकासखंड के पचेड़ा, पेंड्री ज स्थित (रीपा) आशा केंद्रों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध अधोसंरचना, मशीनरी और संचालन की संभावनाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सीईओ पोयाम ने केंद्रों में उपलब्ध मशीनों, वर्तमान गतिविधियों तथा आवश्यक मरम्मत और संसाधनों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं से चर्चा कर उनकी रुचि, अनुभव और आजीविका संबंधी गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि केंद्रों में स्थानीय संसाधनों और बाजार की मांग के अनुरूप ऐसी गतिविधियां शुरू की जाएं, जिनसे महिलाओं एवं ग्रामीण युवाओं को नियमित रोजगार और आय का अवसर मिल सके।

शासन की मंशा के अनुरूप दिसंबर 2026 तक केंद्रों को सक्रिय रूप से संचालित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए प्रत्येक केंद्र का विस्तृत सर्वे कर उपलब्ध मशीनरी की स्थिति, क्रियाशील उपकरणों, मरम्मत योग्य मशीनों, संभावित उद्यमियों तथा स्व-सहायता समूहों के सदस्यों की उपलब्धता का आकलन किया जाएगा। साथ ही प्रत्येक केंद्र में संचालित की जा सकने वाली लाभकारी गतिविधियों का चयन कर कार्ययोजना तैयार की जाएगी। संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर कार्ययोजना बनाकर गतिविधियां प्रारंभ कराने के निर्देश दिए गए हैं।

अटल आजीविका समृद्धि हाट’ के रूप में विकसित करने की पहल की गई है। इस योजना का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं, महिलाओं और स्व-सहायता समूहों को स्वरोजगार से जोड़ना, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करना तथा उनके उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराना है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। इस दौरान जनपद पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण स्वच्छता समूह की महिलाएं उपस्थित रही।

Related Articles

Back to top button