Chhattisgarh

बिलासपुर में दिव्यांग किशोरी से दुष्कर्म के दोषी को 10 साल की सजा, एफटीसी कोर्ट ने सुनाया फैसला

बिलासपुर, 19 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मानसिक रूप से दिव्यांग किशोरी के साथ दुष्कर्म के मामले में फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालय ने आरोपी को 10 वर्ष के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने आरोपी को अलग-अलग धाराओं में कारावास और अर्थदंड से दंडित किया है। मामले में विवेचक की उत्कृष्ट जांच और मजबूत साक्ष्यों को सजा का प्रमुख आधार माना गया।

मामला बिल्हा थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव का है। पुलिस के अनुसार, 3 मार्च 2024 को दोपहर करीब 2 बजे किशोरी घर में अकेली थी। इसी दौरान आरोपी देवीप्रसाद उर्फ बबलू दुबे (40 वर्ष), पिता घनश्याम प्रसाद दुबे, निवासी ग्राम नवागांव ने घर में प्रवेश कर किशोरी के साथ उसकी इच्छा और सहमति के बिना दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।

घटना की रिपोर्ट पर थाना बिल्हा में अपराध क्रमांक 59/2024 के तहत धारा 450 एवं 376(2)(ढ) भादवि में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की जांच उपनिरीक्षक जीएल चन्द्राकर ने की। उन्होंने संपूर्ण विवेचना कर आरोपी को गिरफ्तार किया और पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया।

मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालय बिलासपुर में अपर सत्र न्यायाधीश वंदना वर्मा की अदालत में हुई। दोनों पक्षों की दलीलें और गवाहों के बयान सुनने के बाद न्यायालय ने आरोपी को दोषी ठहराया।

न्यायालय ने धारा 450 भादवि के तहत 3 वर्ष का सश्रम कारावास और 100 रुपये अर्थदंड तथा धारा 376(2)(ढ) भादवि के तहत 10 वर्ष का सश्रम कारावास और 500 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। शासन की ओर से अतिरिक्त शासकीय अधिवक्ता अमित सोनी ने पैरवी की।

Related Articles

Back to top button