जांजगीर के खोखरा में उधारी के पैसों को लेकर युवक की हत्या, पत्थर से सिर कुचला; एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

जांजगीर-चांपा, 19 नवंबर। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खोखरा में उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी इतवारी सूर्यवंशी को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे ग्राम खोखरा निवासी देवनारायण सूर्यवंशी, इतवारी सूर्यवंशी और उसका एक अन्य साथी एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान उधारी के पैसों के लेनदेन को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने देवनारायण के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना 19 नवंबर को मृतक के भाई कमल सूर्यवंशी निवासी सूर्या चौक खोखरा ने सिटी कोतवाली पुलिस को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए SP विजय कुमार पांडेय (IPS), अतिरिक्त SP डॉ. यूलेंडेन यॉर्क और नगर SP योगिता बाली खापर्डे को इसकी जानकारी दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।
घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के लिए फॉरेंसिक साइंस की सीन ऑफ क्राइम यूनिट और पुलिस डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने संदेह के आधार पर इतवारी सूर्यवंशी को पकड़कर पूछताछ की, जिसमें उसने उधारी के पैसों को लेकर हुए विवाद में मृतक के साथ मारपीट करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया कंक्रीट का पत्थर भी जब्त किया है।
मामले में शामिल दूसरा आरोपी घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि आपसी विवाद और पैसों के लेनदेन के मामलों में कानून अपने हाथ में न लें। किसी भी तरह का विवाद होने पर इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।




