Chhattisgarh

बलौदाबाजार में नकली सोना बेचकर 20 हजार की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

  • कच्चा सोना बेचने का झांसा देकर ग्रामीण युवक से ऐंठे रुपये, पुलिस ने 8,500 रुपये नकद और नकली सोने का टुकड़ा किया जब्त

बलौदाबाजार, 18 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में नकली सोने को असली बताकर ठगी करने का मामला सामने आया है। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र में दो आरोपियों ने कच्चा सोना बेचने का झांसा देकर एक 19 वर्षीय युवक से 20 हजार रुपये ठग लिए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से ठगी की रकम में से 8,500 रुपये नकद और नकली सोने का टुकड़ा बरामद किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सिनोधा निवासी उमेश कुमार वर्मा ने 17 नवंबर 2026 को थाना भाटापारा ग्रामीण में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 16 नवंबर को राहुल यदु ने फोन कर जानकारी दी थी कि ग्राम गोरदी निवासी पोषण गिरी गोस्वामी कच्चा सोना बेच रहा है। इसके बाद पोषण ने युवक को फोन कर सोनबरसा के पास मिलने के लिए बुलाया।

आरोप है कि रात करीब 9 बजे तालाब के पास पोषण ने युवक को सोने जैसा दिखने वाला एक टुकड़ा दिखाया और उसे असली सोना बताकर 20 हजार रुपये ले लिए। अगले दिन जब युवक ने टुकड़े को धूप में ध्यान से देखा तो उसके नकली होने का पता चला। पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया और युवक को धमकाकर वहां से चला गया।

पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 729/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4), 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में मुख्य आरोपी पोषण गिरी गोस्वामी ने अपने साथी मौसम महिलांगे के साथ मिलकर ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी को भी ग्राम सोनबरसा से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर 8,500 रुपये नकद और ठगी में इस्तेमाल किया गया नकली सोने का टुकड़ा जब्त किया है। दोनों आरोपियों को 18 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

  • पोषण गिरी गोस्वामी (23 वर्ष), निवासी ग्राम गोरदी, थाना हथबंद।
  • मौसम महिलांगे (20 वर्ष), निवासी मिशन परसाभदेर, थाना सिटी कोतवाली।

SP गौरव राय के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सस्ते में सोना बेचने और अधिक मुनाफे का लालच देने वाले लोगों से सावधान रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना दृष्टि हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर दें।

Related Articles

Back to top button