Chhattisgarh

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में किसान को घर बैठे मिला धान बिक्री का टोकन, कोरजा केंद्र खुलने से मिली बड़ी राहत

  • ‘किसान तुहर टोकन’ ऐप से मोहम्मद अलीम खान ने 50 क्विंटल 40 किलो धान बेचने के लिए लिया ऑनलाइन टोकन, समय और मेहनत की हो रही बचत

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 17 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्था किसानों के लिए सुविधाजनक साबित हो रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई डिजिटल सुविधाओं और नए धान खरीदी केंद्रों का लाभ अब ग्रामीण किसानों को मिलने लगा है। इसी का उदाहरण ग्राम पंचायत गोरखपुर निवासी किसान मोहम्मद अलीम खान हैं, जिन्होंने ‘किसान तुहर टोकन’ मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे 50 क्विंटल 40 किलो धान बिक्री के लिए ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया।

मोहम्मद अलीम खान ने बताया कि पहले धान बिक्री के लिए टोकन लेने किसानों को खरीदी केंद्र के चक्कर लगाने पड़ते थे। इसमें समय और मेहनत दोनों खर्च होते थे। अब मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे टोकन मिलने से यह प्रक्रिया काफी आसान हो गई है। इससे किसानों को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिल रही है और वे खेती-किसानी के दूसरे कार्यों पर भी ध्यान दे पा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पहले उन्हें धान बेचने के लिए धनौली जाना पड़ता था। गांव से खरीदी केंद्र की दूरी अधिक होने के कारण धान के परिवहन में अतिरिक्त समय और मेहनत लगती थी। अब गांव के नजदीक कोरजा में नया धान खरीदी केंद्र शुरू होने से उनकी यह परेशानी दूर हो गई है। किसानों को अब अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ रही है।

अलीम खान ने कहा कि घर बैठे ऑनलाइन टोकन और नजदीक में धान खरीदी केंद्र की सुविधा किसानों के लिए बड़ी राहत है। इससे समय, श्रम और परिवहन खर्च की बचत हो रही है। उन्होंने किसान हित में सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

राज्य सरकार द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने के लिए डिजिटल तकनीक के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में नए उपार्जन केंद्रों की स्थापना पर जोर दिया जा रहा है। ‘किसान तुहर टोकन’ ऐप और नजदीकी खरीदी केंद्रों की सुविधा से किसानों को धान विक्रय में सहूलियत मिल रही है।

Related Articles

Back to top button