कोयला खनन में साझेदारी और मोटे मुनाफे का झांसा देकर कारोबारी से 4.55 करोड़ रुपये की ठगी

रायपुर, 16 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कोयला खनन कारोबार में साझेदारी दिलाने और मोटा मुनाफा कमाने का प्रलोभन देकर एक कारोबारी से 4 करोड़ 55 लाख 25 हजार 296 रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि KNS विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमन नारायण सिंह ने कोरबा जिले की सरायपाली ओपन कास्ट कोल माइंस में कारोबार की साझेदारी का प्रस्ताव देकर कारोबारी से करोड़ों रुपये निवेश कराए। इसके बाद न तो निवेश की मूल राशि लौटाई गई और न ही मुनाफे का कोई हिसाब दिया गया। पीड़ित की शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ऐश्वर्या रेसिडेंसी निवासी अक्षत राजन थ्री डायमंड इंडस्ट्रीज के संचालक हैं। कुछ समय पहले उनकी पहचान KNS विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमन नारायण सिंह से हुई थी। आरोप है कि अमन नारायण सिंह ने उन्हें कोरबा जिले के पाली क्षेत्र स्थित सरायपाली ओपन कास्ट कोल माइंस में बिजनेस पार्टनर बनाने का प्रस्ताव दिया था। इस दौरान खनन कारोबार में हिस्सेदारी देने के साथ निवेश की रकम पर अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा भी दिलाया गया।
आरोपी के प्रस्ताव पर विश्वास करते हुए अक्षत राजन ने उसके अलग-अलग बैंक खातों में RTGS और NEFT के माध्यम से कुल 4,55,25,296 रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद वह खदान से जुड़े कामकाज में भी सक्रिय रूप से शामिल हुए। शिकायत के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2023-24 के दौरान खनन कार्यों के संचालन के लिए ईंधन, मशीनों के रखरखाव और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी उन्होंने अतिरिक्त राशि खर्च की।
कारोबारी का आरोप है कि जब उन्होंने अपनी निवेश की गई मूल रकम और मुनाफे का हिसाब मांगा तो आरोपी लगातार टालमटोल करने लगा। पिछले एक-दो वर्षों से रकम वापस मांगने के बावजूद कोई भुगतान नहीं किया गया। इतना ही नहीं, खदान के संचालन और कारोबार में हुए खर्चों का भी कोई स्पष्ट हिसाब नहीं दिया गया। अंततः आरोपी द्वारा रकम लौटाने से इनकार किए जाने के बाद पीड़ित ने पुलिस की शरण ली।
लगातार प्रयासों के बाद अक्षत राजन ने 14 नवंबर को तेलीबांधा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने KNS विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमन नारायण सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 316 और 61 के तहत FIR दर्ज की है। फिलहाल पुलिस बैंक खातों में हुए लेन-देन, निवेश से संबंधित दस्तावेजों और खनन कारोबार से जुड़े अन्य रिकॉर्ड की जांच कर रही है।




