घटमड़वा नाला बांधा में मिले युवक के शव की गुत्थी सुलझी, फावड़े से वार कर की गई थी हत्या; आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार, 15 नवंबर 2026। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के गिधौरी थाना क्षेत्र अंतर्गत घटमड़वा नाला बांधा में मिले 19 वर्षीय युवक के शव के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज हत्या का खुलासा किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी किशन साहू (19) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने लोहे के फावड़े से सिर, माथे और आंख के पास वार कर युवक की हत्या करने के बाद शव को पानी में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लोहे का फावड़ा और मृतक का मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10.45 बजे सूचना मिली कि गिधौरी और घटमड़वा के बीच स्थित घटमड़वा नाला बांधा के पानी में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही गिधौरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान ग्राम गिधौरी निवासी आदित्य टंडन (19), पिता संतोष टंडन के रूप में हुई। शव के सिर और माथे पर गंभीर चोट के निशान मिलने से प्रारंभिक तौर पर हत्या की आशंका जताई गई। इसके बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और एफएसएल टीम की मदद से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए SP गौरव राय के निर्देशन में थाना गिधौरी, एफएसएल और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान पता चला कि 13 नवंबर को दोपहर में आदित्य टंडन को किशन साहू के साथ घटमड़वा एनीकट की ओर जाते देखा गया था। उस समय किशन के हाथ में फावड़े जैसा औजार भी था।
संदेह के आधार पर पुलिस ने किशन साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया। उसने बताया कि मृतक द्वारा उसकी बहन पर गलत नीयत रखने के संदेह तथा उसकी शारीरिक बनावट को लेकर अपमानजनक टिप्पणी किए जाने से वह मानसिक तनाव और आक्रोश में था। इसी आवेश में उसने लोहे के फावड़े से आदित्य के सिर, माथे और आंख के पास वार कर उसकी हत्या कर दी और शव को पानी में फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का फावड़ा और मृतक का मोबाइल फोन जब्त किया है। मामले में अपराध क्रमांक 239/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) में अपराध पंजीबद्ध कर 15 नवंबर को किशन साहू, पिता ईतवारी साहू, निवासी ग्राम गिधौरी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।




