Chhattisgarh

बलौदाबाजार में युवक की हत्या का खुलासा, फावड़े से सिर पर वार कर नाले में फेंका था शव, 19 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

0 बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के घटमड़वा नाला बांधा में मिले 19 वर्षीय आदित्य टंडन के शव के मामले में पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझाई हत्या की गुत्थी, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी किशन साहू गिरफ्तार

बलौदाबाजार, 15 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। थाना गिधौरी क्षेत्र के घटमड़वा नाला बांधा में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान ग्राम गिधौरी निवासी किशन साहू (19 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने लोहे के फावड़े से युवक के सिर, माथे और आंख के पास वार कर उसकी हत्या की थी। इसके बाद शव को पानी में फेंक दिया था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10:45 बजे सूचना मिली कि गिधौरी और घटमड़वा के बीच स्थित घटमड़वा नाला बांधा में एक युवक का शव पानी में डूबा हुआ है। सूचना मिलते ही गिधौरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान ग्राम गिधौरी निवासी आदित्य टंडन (19 वर्ष), पिता संतोष टंडन के रूप में हुई। शव के सिर और माथे पर गंभीर चोट के निशान मिलने से प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए SP गौरव राय के निर्देशन में थाना गिधौरी, एफएसएल और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ की।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 13 नवंबर को दोपहर में मृतक आदित्य टंडन को आरोपी किशन साहू के साथ बांधा तालाब घटमड़वा एनीकट की ओर जाते देखा गया था। इस दौरान आरोपी के हाथ में फावड़े जैसा औजार भी था। संदेह के आधार पर पुलिस ने किशन साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

बहन पर गलत नीयत के शक और अपमान से था नाराज

पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसे संदेह था कि मृतक उसकी बहन पर गलत नीयत रखता है। इसके अलावा मृतक द्वारा उसकी शारीरिक बनावट को लेकर कथित तौर पर ‘काला और कुरूप’ कहकर अपमानित किए जाने से भी वह नाराज था। इसी बात को लेकर उपजे मानसिक तनाव और आवेश में आकर उसने आदित्य टंडन पर लोहे के फावड़े से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को पानी में फेंक दिया।

आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लोहे का फावड़ा और मृतक का मोबाइल फोन जब्त किया है। मामले में थाना गिधौरी टुण्ड्रा में अपराध क्रमांक 239/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर 15 नवंबर को आरोपी किशन साहू को गिरफ्तार किया गया। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

Related Articles

Back to top button