चांपा में चाकू लहराकर लोगों को डरा रहे दो युवक गिरफ्तार, कोरबा जिले के रहने वाले हैं दोनों आरोपी

जांजगीर-चांपा, 15 नवंबर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में सार्वजनिक स्थान पर धारदार चाकू लहराकर लोगों को डराने वाले दो युवकों को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मुकुंद टॉकीज के मोटरसाइकिल स्टैंड के पास चाकू लेकर खड़े थे और आने-जाने वाले लोगों को डरा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो बड़े धारदार चाकू बरामद कर जब्त किए हैं। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को मुकुंद टॉकीज चांपा के संचालक ने फोन के माध्यम से पुलिस को सूचना दी कि दो व्यक्ति बड़े नुकीले चाकू लेकर मोटरसाइकिल स्टैंड के पास खड़े हैं और राहगीरों को चाकू दिखाकर डरा रहे हैं। सूचना मिलते ही TI निरीक्षक कमलेश शेण्डे ने पेट्रोलिंग टीम को तत्काल मौके पर भेजा।
पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों संदिग्ध युवकों को पकड़कर पूछताछ की। उनकी पहचान उमेश यादव (25 वर्ष), निवासी खरहरकुड़ा और करन गोस्वामी (24 वर्ष), निवासी नवलपुर, थाना उरगा, जिला कोरबा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान दोनों के शर्ट के अंदर छिपाकर रखे गए बड़े धारदार चाकू बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना चांपा में अपराध क्रमांक 621/26 के तहत धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया। दोनों को 14 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद 15 नवंबर को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश किया गया।
इस कार्रवाई में TI निरीक्षक कमलेश कुमार शेण्डे, उप निरीक्षक भवानी सिंह, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह, गणेश कौशिक, आरक्षक गौरीशंकर राय, सुमंत कंवर सहित थाना चांपा पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।




