मुख्यमंत्री विष्णु देव साय लोकभवन में दीपावली मिलन समारोह में हुए शामिल, राज्यपाल रमेन डेका को दी शुभकामनाएं

रायपुर, 14 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को रायपुर स्थित लोकभवन में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य भेंट कर उन्हें दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दीपावली पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दीपावली प्रेम, उत्साह, सद्भाव और नई आशाओं का पर्व है। यह त्योहार हमारे जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करने के साथ ही आपसी भाईचारे, एकता और सामाजिक समरसता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
समारोह में प्रस्तुत छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला, पारंपरिक प्रस्तुतियों और सांस्कृतिक विरासत की मुख्यमंत्री ने सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति प्रदेश की गौरवशाली पहचान है। यहां के तीज-त्योहार और पारंपरिक रीति-रिवाज सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ हमारी सांस्कृतिक विरासत और मूल्यों को सहेजने का कार्य करते हैं।
मुख्यमंत्री साय ने इस अवसर पर समस्त प्रदेशवासियों को दीपावली की पुनः शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।




