Chhattisgarh

रायपुर में ट्रैफिक पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान, 449 वाहनों पर ई-चालान की कार्रवाई

रायपुर, 14 नवंबर 2026। राजधानी रायपुर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। 13 नवंबर 2026 को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में चलाए गए इस अभियान के दौरान कुल 449 वाहनों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत ई-चालानी कार्रवाई की गई।

यह अभियान पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन और पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में संचालित किया गया। अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना, आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम एवं सुरक्षित बनाना था।

विशेष चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट और नंबर प्लेट से छेड़छाड़ करने वाले वाहनों, मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने वाले वाहन चालकों तथा दोपहिया वाहनों में तीन सवारी बैठाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इसके अलावा तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने, चारपहिया वाहनों में प्रतिबंधित काली फिल्म लगाने, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने और ई-रिक्शा में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने पर भी चालान काटे गए।

यातायात पुलिस ने नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़े करने तथा यातायात संकेतों और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी कार्रवाई की। अभियान के तहत तेलीबांधा, पचपेड़ी नाका, भाठागांव, टाटीबंद, भनपुरी, पंडरी, फाफाडीह, शारदा चौक और कालीबाड़ी यातायात थानों की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सघन वाहन जांच की।

इसके साथ ही इंटरसेप्टर वाहन के माध्यम से भी चालानी कार्रवाई की गई। वहीं, ITMS (इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के जरिए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को ई-चालान जारी किए गए।

रायपुर कमिश्नरेट यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट लगाने, मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रतिबंधित काली फिल्म का उपयोग नहीं करने तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है।

इसके अलावा दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, तीन सवारी नहीं बैठाने और नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा नहीं करने की भी समझाइश दी गई है। यातायात पुलिस ने कहा कि नियमों का पालन केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि खुद और दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखने के लिए जरूरी है।

Related Articles

Back to top button