जांजगीर-चांपा में कल भाजपा की विशाल पदयात्रा, कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब और नारायण चंदेल होंगे शामिल

जांजगीर-चांपा, 13 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी जिला जांजगीर-चांपा द्वारा शनिवार 14 नवंबर 2026 को “अराजकता हटाओ–लोकतंत्र बचाओ” के नारे के साथ विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी। दोपहर 2 बजे आयोजित इस पदयात्रा में छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल और भाजपा जिलाध्यक्ष अम्बेश जांगड़े प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
पदयात्रा का शुभारंभ बीडीएम गार्डन स्थित अटल चौक से होगा। यहां भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता एकत्रित होंगे। इसके बाद पदयात्रा नेताजी चौक होते हुए कचहरी चौक पहुंचेगी, जहां आमसभा का आयोजन किया जाएगा। आमसभा के पश्चात कार्यक्रम का समापन होगा।
इस आयोजन में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, जिला एवं मंडल पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में शामिल होने वाले पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के वाहनों के लिए हाई स्कूल मैदान में पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की गई है।
भाजपा जिला संगठन ने जिले के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पदयात्रा में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है। पार्टी के अनुसार, इस पदयात्रा के माध्यम से लोकतांत्रिक मूल्यों, जनहित और लोकतंत्र की मजबूती का संदेश आम जनता तक पहुंचाया जाएगा।




