Chhattisgarh

कोरबा में भीषण सड़क हादसा: पेड़ से टकराकर 50 मीटर दूर पलटी स्कॉर्पियो, 18 वर्षीय युवक की मौत

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। कटघोरा-बांकी मुख्य मार्ग पर शुक्रवार तड़के तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद वाहन करीब 50 मीटर दूर जाकर पलट गया। इस भीषण सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना में स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह स्कॉर्पियो कटघोरा-बांकी मुख्य मार्ग से तेज रफ्तार में गुजर रही थी। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो सीधे सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन उछलकर करीब 50 मीटर दूर जा गिरा और पलट गया।हादसे में स्कॉर्पियो सवार 18 वर्षीय रूपेश पटेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी आर्यन गोंड गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल आर्यन गोंड को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। वहीं, मृतक रूपेश पटेल के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने दोनों युवकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी में तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होने की बात सामने आई है।

Related Articles

Back to top button