प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से रोशन हुए नारायणपुर के 327 से अधिक घर, बिजली बिल में मिल रही राहत

नारायणपुर, 11 नवंबर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जिले के परिवारों के लिए आर्थिक बचत और ऊर्जा आत्मनिर्भरता का नया माध्यम बन रही है। योजना के तहत अब तक नारायणपुर जिले के 327 से अधिक घरों की छतों पर सोलर संयंत्र स्थापित किए जा चुके हैं। इससे लोगों को बिजली बिल में राहत मिलने के साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को भी बढ़ावा मिल रहा है।
इस योजना का लाभ लेकर नारायणपुर शहर निवासी हरीश कुमार ठाकुर ने अपने घर की छत पर 3 किलोवाट क्षमता का सोलर संयंत्र लगवाया है। इसका सकारात्मक परिणाम उन्हें सितंबर माह में देखने को मिला, जब उनके घर का बिजली बिल शून्य आया। हरीश कुमार ठाकुर के अनुसार, सोलर संयंत्र लगने के बाद घरेलू बिजली खर्च में काफी कमी आई है। अब घर की बिजली जरूरतों को पूरा करने में सौर ऊर्जा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
एक करोड़ परिवारों को सौर ऊर्जा से जोड़ने का लक्ष्य
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 फरवरी 2024 को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की शुरुआत की थी। इस योजना का उद्देश्य देशभर के एक करोड़ परिवारों को रूफटॉप सोलर सुविधा से जोड़ना है। इसके लिए केंद्र सरकार ने 75,021 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
योजना के तहत पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को छत पर सोलर संयंत्र स्थापित कराने के लिए केंद्रीय वित्तीय सहायता दी जाती है। तीन किलोवाट या उससे अधिक क्षमता के पात्र सोलर संयंत्र पर अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी का प्रावधान है। इससे सोलर संयंत्र लगाने की शुरुआती लागत कम होती है और आम परिवारों के लिए सौर ऊर्जा अपनाना आसान हो जाता है।
बिजली बिल में बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा
सौर ऊर्जा के उपयोग से परिवारों को लंबे समय तक बिजली खर्च में बचत का लाभ मिल सकता है। इसके साथ ही पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करने और कार्बन उत्सर्जन घटाने में भी मदद मिलती है।
नारायणपुर जिले में 327 से अधिक घरों में सोलर संयंत्रों की स्थापना इस दिशा में बढ़ते कदम को दर्शाती है। जिला प्रशासन ने पात्र विद्युत उपभोक्ताओं से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।





