कोरबा में महिला से दुष्कर्म का आरोप, पड़ोसी राजा ठाकुर गिरफ्तार; मिर्च मांगने गई थी पीड़िता

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में महिला से दुष्कर्म और उसे बंधक बनाकर रखने का मामला सामने आया है। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में रहने वाली एक महिला ने अपने पड़ोसी राजा ठाकुर (39) पर जबरदस्ती करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, महिला मिर्च मांगने के लिए अपने पड़ोसी राजा ठाकुर के घर गई थी। आरोप है कि इस दौरान राजा ठाकुर ने घर का दरवाजा बंद कर दिया और महिला के साथ जबरदस्ती की। इसके बाद आरोपी ने उसे घर में बंधक बनाकर रखा। किसी तरह आरोपी के चंगुल से निकलने के बाद महिला सीधे बांकीमोंगरा थाने पहुंची और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई।
महिला की शिकायत पर बांकीमोंगरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 233/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) और 127(2) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राजा ठाकुर, पिता प्रभोद सिंह ठाकुर (39), निवासी मकान नंबर 147, पटेलपारा, जंगल साइड को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी अविवाहित है। पूछताछ के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई है। फिलहाल पुलिस महिला के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।





