कोरबा के जंगल में मिले संदिग्ध पंजों के निशान, ग्रामीणों ने जताई बाघ की मौजूदगी की आशंका; वन विभाग अलर्ट

कोरबा, 12 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कुदमुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत कलमीटिकरा गांव के जंगल में पंजों के संदिग्ध निशान मिलने से इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने इन निशानों को बाघ के पदचिह्न होने की आशंका जताई है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। हालांकि, विभाग ने अभी तक बाघ की मौजूदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
ग्रामीणों के मुताबिक, सुबह जंगल की ओर जाते समय उन्हें जमीन पर बड़े वन्यजीव के पंजों जैसे निशान दिखाई दिए। इसके बाद उन्होंने तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निशानों का निरीक्षण किया।

एक्सपर्ट टीम कर रही पदचिह्नों की पहचान
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मिले निशान बाघ के हैं या किसी अन्य बड़े वन्यजीव के। विशेषज्ञों की टीम निशानों की नाप-जोख और अन्य तकनीकी पहलुओं के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
ग्रामीणों को जंगल नहीं जाने की सलाह, गांवों में मुनादी
सुरक्षा के मद्देनजर वन विभाग ने आसपास के गांवों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की है। लोगों को फिलहाल जंगल की ओर नहीं जाने, अकेले जंगल में प्रवेश नहीं करने और मवेशियों को जंगल में चराने से बचने की सलाह दी गई है। वन विभाग की टीम क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है।
कोरबा जिले के जंगलों में हाथियों की मौजूदगी बनी रहती है। ऐसे में पंजों के संदिग्ध निशान मिलने के बाद वन विभाग पूरी सतर्कता बरत रहा है। फिलहाल ग्रामीणों में बाघ की मौजूदगी को लेकर आशंका बनी हुई है। अब सभी की नजर वन विभाग की विशेषज्ञ टीम की जांच रिपोर्ट पर टिकी है।





