Chhattisgarh

कोरबा: चर्च में तोड़फोड़ के बाद चक्काजाम करने के मामले में 10-15 अज्ञात लोगों पर FIR, रास्ता रोकने और धमकी देने का आरोप

कोरबा, 11 नवंबर 2026। रजगामार क्षेत्र के ओमपुर स्थित चर्च में प्रार्थना के दौरान घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ किए जाने की घटना के बाद सड़क पर चक्काजाम करने के मामले में पुलिस ने 10 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई पुष्पेन्द्र डडसेना की शिकायत पर की है। शिकायत में मसीह समाज के महिला-पुरुषों पर रास्ता रोकने, गाली-गलौच करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार, रजगामार निवासी पुष्पेन्द्र डडसेना ने बताया कि 8 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11:50 बजे वह आवश्यक सामान खरीदने के लिए रजगामार से कोरबा जा रहा था। इसी दौरान बैरियर चौक के पास सड़क पर कुछ महिला और पुरुष वाहन खड़े कर रास्ता रोके हुए थे। शिकायतकर्ता के मुताबिक, वहां मौजूद करीब 10 से 15 लोगों के कारण आम लोगों का आवागमन बाधित हो रहा था और आने-जाने वाले वाहनों को निकलने में परेशानी हो रही थी।

इसी दौरान ओमपुर निवासी दुष्यंत केंवट भी मोटरसाइकिल से कोरबा की ओर से वहां पहुंचा। बताया गया कि उसने सड़क के किनारे से निकलने का प्रयास किया, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उसे रोक दिया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि लोगों ने उससे पूछा कि वह वहां से कैसे जाएगा। जब उसने निकलने की कोशिश की तो उसे मारने की धमकी दी गई और गाली-गलौच भी की गई।

पुष्पेन्द्र डडसेना ने अपनी शिकायत में कहा है कि उसे भी जरूरी काम से कोरबा जाना था, लेकिन सड़क पर चक्काजाम होने के कारण काफी देर तक आवागमन प्रभावित रहा। इससे अन्य राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। शिकायतकर्ता ने घटना के दौरान मौजूद लोगों को देखने और पहचान लेने की बात भी पुलिस को बताई है।

गौरतलब है कि ओमपुर स्थित चर्च में प्रार्थना के दौरान कथित मारपीट और तोड़फोड़ की घटना के बाद मसीह समाज के लोगों में नाराजगी थी। इसी के विरोध में बैरियर चौक के पास चक्काजाम किया गया था। अब इस प्रदर्शन के दौरान रास्ता रोकने और धमकी देने की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है।

पुलिस ने पुष्पेन्द्र डडसेना की रिपोर्ट पर 10 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 191(2), 296 और 351(3) के तहत अपराध दर्ज किया है। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है और पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button