रायगढ़ में मारपीट से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत, हत्या के आरोप में नाबालिग अभिरक्षा में

- बांस के डंडे से सिर पर किया था वार, रायपुर के डीकेएस अस्पताल में तोड़ा दम; आरोपी को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया
रायगढ़, 07 नवंबर 2026 । जिले के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के ग्राम भिखारीमाल में मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल 43 वर्षीय व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में रायगढ़ पुलिस ने हत्या का अपराध दर्ज करते हुए विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया है। आरोपी ने विवाद के दौरान बांस के डंडे से व्यक्ति के सिर पर हमला किया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त डंडा भी जब्त कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 25 अक्टूबर 2026 की रात ग्राम भिखारीमाल निवासी कन्हैया महार (43 वर्ष) अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ओडिशा के संबलपुर स्थित ससुराल से ट्रेन के जरिए घर लौटा था। घर के बाहर ऑटो चालक को किराया देने के लिए वह नीचे उतरा, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं आया। रात करीब 1:30 बजे गांव के तीन युवक उसे अचेत अवस्था में घर लेकर पहुंचे। इसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल रायगढ़ ले गए।
अगले दिन परिजनों ने कन्हैया को घर छोड़ने आए युवकों से पूछताछ की, तो पता चला कि देर रात उसका गांव के ही एक विधि से संघर्षरत बालक के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान बालक ने बांस के डंडे से कन्हैया के सिर पर वार कर दिया था। बीच-बचाव करने पहुंचे युवकों के साथ भी मारपीट की गई थी।
घटना में गंभीर रूप से घायल कन्हैया को बेहतर उपचार के लिए रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद चक्रधरनगर पुलिस ने पूर्व में दर्ज मारपीट के अपराध में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध भी जोड़ दिया।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा जब्त किया गया। इसके बाद बालक को किशोर न्याय बोर्ड रायगढ़ के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में चक्रधरनगर TI निरीक्षक राकेश मिश्रा और प्रशिक्षु उप निरीक्षक हर्ष चंद्राकर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




