जांजगीर-चांपा में भाजपा का प्रबुद्ध जन सम्मेलन, लोकतंत्र और राष्ट्रहित के प्रति जागरूक रहने का आह्वान

जांजगीर-चांपा। भारतीय जनता पार्टी जिला जांजगीर-चांपा द्वारा नैला स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में विधानसभा स्तरीय प्रबुद्ध जन सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में डॉक्टर, प्रोफेसर, अधिवक्ता, व्यवसायी सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्ध नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में लोकतंत्र की मजबूती, राष्ट्रहित और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया गया।
सम्मेलन के मुख्य वक्ता डॉ. अवधेश कुमार जैन, प्रदेश संयोजक प्रशिक्षण विभाग एवं प्रदेश भाजपा के स्थायी आमंत्रित सदस्य ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण), वोट चोरी के आरोपों और विपक्ष के बयानों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में भी आठ बार एसआईआर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके बावजूद वर्तमान में निष्पक्ष मतदाता सूची तैयार करने के लिए चल रही प्रक्रिया को लेकर विपक्ष भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने जंतर-मंतर पर विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों का उल्लेख करते हुए चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाने को अनुचित बताया।
डॉ. जैन ने हालिया एमएलसी चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग करने वाली कांग्रेस को बैलेट पेपर से हुए चुनाव में 28 सीटों में से केवल एक सीट मिली। उन्होंने राहुल गांधी के विदेश में दिए गए बयानों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि भारत की पहचान केवल राज्यों के समूह के रूप में नहीं, बल्कि साझा इतिहास, संस्कृति और राष्ट्रीय चेतना से जुड़े राष्ट्र के रूप में है। देश की एकता, अखंडता और संवैधानिक व्यवस्था का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता नारायण चंदेल ने भी संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस और विपक्षी दलों की राजनीतिक गतिविधियों पर चिंता जताते हुए लोकतंत्र की मजबूती, राष्ट्रहित और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान के लिए समाज के जागरूक नागरिकों से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
सम्मेलन के दौरान जिला भाजपा की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रबुद्धजनों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत एवं सम्मान किया गया। इनमें मनोज पांडे, मुकेश पांडे, भरत टहलनी, प्रमोद सिंघानिया, जवाहर यादव, अजय झाझड़िया, निलेश अग्रवाल, हितेंद्र राठौर, श्री धानुका और हनुमान राठौर सहित अन्य गणमान्य नागरिक शामिल रहे।
कार्यक्रम के संयोजक गुलाब सिंह चंदेल एवं मनोज अग्रवाल थे। सम्मेलन में जिला भाजपा अध्यक्ष अम्बेश जांगड़े, रामदेव कुमावत, राजेंद्र वैष्णव, अमर सुल्तानिया, नंद चौधरी, नंदिनी रजवाड़े, आशुतोष गोस्वामी, पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, जिला मीडिया प्रभारी राकेश रूपवानी सहित भाजपा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




