धनतेरस-दीपावली पर रायगढ़ पुलिस अलर्ट, बाजारों में सशस्त्र जवानों की तैनाती; सादी वर्दी में भी निगरानी

रायगढ़, 06 नवंबर 2026। धनतेरस और दीपावली पर्व के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए रायगढ़ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। चोरी, जेबकटमारी, उठाईगिरी और झपटमारी जैसी आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने के लिए शहर के प्रमुख बाजारों में सशस्त्र जवानों की नियमित पेट्रोलिंग कराई जा रही है। इसके साथ ही सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं।
वरिष्ठ SP शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में नियमित पेट्रोलिंग एवं विजुअल पुलिसिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में सीएसपी राहुल उईके, डीएसपी अजय नागवंशी और टीआई अमित तिवारी के नेतृत्व में जिला मुख्यालय के प्रमुख बाजारों में पिछले करीब एक सप्ताह से प्रतिदिन शाम को पुलिस पेट्रोलिंग की जा रही है। रक्षित केंद्र के सशस्त्र जवानों और विभिन्न थानों की पुलिस टीमें पैदल एवं सशस्त्र गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रही हैं।
पुलिस ने विशेष रूप से सराफा दुकानों, मोबाइल शोरूम और कीमती सामानों के प्रतिष्ठानों के आसपास निगरानी बढ़ाई है। त्योहारी भीड़ का फायदा उठाकर वारदात करने वाले असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादी वर्दी में भी जवान तैनात किए गए हैं। वहीं, तहसील क्षेत्रों के TI भी अपने-अपने इलाकों के बाजारों में पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं।
एसएसपी ने नागरिकों से की सतर्क रहने की अपील
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि बाजारों में खरीदारी के दौरान अपने सामान और कीमती वस्तुओं का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। आपात स्थिति या किसी घटना की सूचना डायल 112 पर दी जा सकती है।
पुलिस कंट्रोल रूम रायगढ़ के मोबाइल नंबर 9479193299, TI कोतवाली 9479193209 और TI चक्रधरनगर 9479193210 पर भी संपर्क किया जा सकता है। रायगढ़ पुलिस ने त्योहार के दौरान आम नागरिकों और व्यापारियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है।




