दिवाली से पहले ‘रामायणम्’ ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, पहले दिन वर्ल्डवाइड की 155 करोड़ रुपए की कमाई

0.नमित मल्होत्रा की ‘रामायणम्’ ने रचा इतिहास, दिवाली से पहले रिलीज होकर पहले दिन दुनियाभर में कमाए 155 करोड़ रुपये
मुंबई। दिवाली से पहले बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों की धीमी शुरुआत के पुराने ट्रेंड को तोड़ते हुए इस महागाथा ने ऐतिहासिक ओपनिंग की है और भारतीय सिनेमा के लिए एक नया रिकॉर्ड कायम किया है।_
रामायणम् आखिरकार थिएटर्स में दस्तक दे चुकी है और इस तरह से इसने बॉक्स ऑफिसर पर शानदार ओपनिंग करते हुए इतिहास बना दिया है। नितेश तिवारी द्वारा डायरेक्टेड और प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा की प्राइम फोकस स्टूडियो और रॉकिंग स्टार यश की मॉन्सटर माइंड क्रिएशंस के बैनर तले प्रोड्यूस रामायणम्: पार्ट वन जबरदस्त उत्साह के बीच, 5 नवंबर 2026 को दुनिया भर में रिलीज़ हो चुकी है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साईं पल्लवी माता सीता, रॉकिंग स्टार यश महा शक्तिशाली रावण और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में हैं। इस तरह से यह फिल्म दुनिया भर के दर्शकों के सामने भारत की सदियों से पूजी जाने वाली महागाथा को पेश कर रही है।
ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत को चिन्हित करते हुए, रामायणम् ने दुनिया भर में ग्रास ₹155 करोड़ की ओपनिंग की है। इस तरह से यह दिवाली से पहले देखी गई इंडियन सिनेमा में अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग है।
सालों से दिवाली से ठीक पहले का समय फिल्मों की रिलीज के लिए मुश्किल माना जाता रहा है। इस दौरान आमतौर पर बॉक्स ऑफिस पर फिल्मों की कमाई धीमी पड़ जाती है। इसकी वजह यह है कि त्योहार से पहले परिवार घर की साफ-सफाई, मरम्मत और सजावट में जुटे रहते हैं। साथ ही, दिवाली की खरीदारी और छुट्टियों से पहले यात्रा की तैयारियों में भी लोग व्यस्त रहते हैं। ऐसे में सिनेमाघरों में फिल्म देखने का प्लान अक्सर पीछे छूट जाता है। ‘रामायणम्’ से पहले दिवाली के आसपास रिलीज हुई किसी भी फिल्म की पहले दिन की सबसे ज्यादा ऑल इंडिया नेट कमाई 40 करोड़ रुपये थी, जबकि वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 94 करोड़ रुपये रहा था।
लेकिन ‘रामायणम्’ ने इस पुरानी सोच को पूरी तरह बदल दिया है। फिल्म ने त्योहार से पहले सिनेमाघरों में दर्शकों की कम भीड़ रहने के ट्रेंड को तोड़ते हुए शानदार ओपनिंग की है। दर्शकों के जबरदस्त रिस्पॉन्स के चलते सुबह के शुरुआती शोज से ही सिनेमाघरों में भारी भीड़ देखने को मिली, जिसका असर बॉक्स ऑफिस पर ऐतिहासिक शुरुआत के रूप में नजर आया।
अभी दिवाली का त्योहार आना बाकी है और उससे पहले ही ‘रामायणम्’ ने रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग के साथ अपनी शानदार बॉक्स ऑफिस पारी की शुरुआत कर दी है। ऐसे में आने वाले दिनों में फिल्म की कमाई का सफर और भी खास होने की उम्मीद है।




