कोरबा में दिनदहाड़े महिलाओं से पर्स लूटने वाले गिरोह का खुलासा, मुख्य आरोपी गिरफ्तार; दो नाबालिग भी पकड़ाए

- सिविल लाइन रामपुर पुलिस की कार्रवाई, दो वारदातों में लूटा गया मोबाइल और करीब 6 हजार रुपये नकद बरामद
कोरबा, 05 नवंबर 2026। शहर में दिनदहाड़े महिलाओं से पर्स लूट की दो घटनाओं का सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने दोनों वारदातों में शामिल मुख्य आरोपी दीपक साहू को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो नाबालिग साथियों को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया विवो कंपनी का मोबाइल फोन और दोनों मामलों में कुल करीब 6 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, पहली घटना 3 नवंबर 2026 को हुई थी। पोड़ीबहार निवासी सीमा महंत शाम करीब 4:07 बजे पोड़ीबहार से कोसाबाड़ी जा रही थीं। इसी दौरान कोसाबाड़ी पानी टंकी के पास मोटरसाइकिल सवार आरोपियों ने उन्हें पंचनुमा हथियार दिखाकर डराया और उनके हाथ में रखा हैंड पर्स लूटकर फरार हो गए।
दूसरी घटना 4 नवंबर को शाम करीब 4 से 4:30 बजे के बीच हुई। चंदन सिंह की पत्नी आरती अपनी दो सहेलियों के साथ सेंट जेवियर्स स्कूल में आयोजित वार्षिक उत्सव देखने जा रही थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उनका पर्स लूट लिया।
लगातार हुई इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। संदेहियों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दीपक साहू को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपी ने बताया कि लूट की रकम में से कुछ पैसे खाने-पीने में खर्च कर दिए गए थे, जबकि खाली पर्स को पोड़ीबहार मुक्तिधाम की ओर खड़ी एक कार के पीछे फेंक दिया गया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक मामले में लूटा गया विवो मोबाइल और दोनों घटनाओं से संबंधित करीब 6 हजार रुपये नकद बरामद किए।
पुलिस ने 5 नवंबर 2026 को मुख्य आरोपी दीपक साहू (28 वर्ष), पिता अमर लाल साहू, निवासी 15 ब्लॉक, महावीर चौक के पास, चौकी सीएसईबी, थाना सिविल लाइन रामपुर, जिला कोरबा को विधिवत गिरफ्तार किया। वहीं, दोनों विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध कर वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।




