National

अंजना ओम कश्यप और खान सर के बीच विवाद खत्म, दिल्ली हाईकोर्ट में आपसी सहमति से हुआ समझौता , जानिए क्या था पूरा मामला…

नई दिल्ली। वरिष्ठ टीवी पत्रकार अंजना ओम कश्यप और चर्चित शिक्षक एवं यूट्यूबर खान सर (फैसल खान) के बीच लंबे समय से चल रहा मानहानि विवाद आखिरकार समाप्त हो गया है। दोनों पक्षों ने आपसी बातचीत और सहमति के आधार पर विवाद का समाधान कर लिया है। बुधवार, 4 नवंबर को दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की ओर से समझौते की जानकारी अदालत को दी गई। इसके बाद अदालत ने समझौते के आधार पर मामले का निपटारा कर दिया।

मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति तुषार राव गेडेला की पीठ के समक्ष हुई। अंजना ओम कश्यप की ओर से पेश अधिवक्ता वृंदा भंडारी ने अदालत को बताया कि खान सर समेत छह प्रतिवादियों के साथ आपसी सहमति से विवाद सुलझ गया है। इस समझौते में खान सर के अलावा बबीता त्यागी, अरविंद भदौरिया, मनीष यादव और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सक्रिय सैमखासा तथा अभिमन्यु1305 नाम से अकाउंट संचालित करने वाले लोग शामिल हैं।

दो करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग को लेकर पहुंचा था मामला

दरअसल, विवाद की शुरुआत 29 मई 2026 को आज तक पर प्रसारित एक टीवी डिबेट के बाद हुई थी। इस बहस में अंजना ओम कश्यप ने ऑनलाइन शिक्षा जगत के चर्चित शिक्षकों और ‘स्टार टीचर्स’ की भूमिका पर सवाल उठाए थे। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां और पोस्ट किए जाने का मामला सामने आया। अंजना ओम कश्यप और टीवी टुडे नेटवर्क ने इन टिप्पणियों को मानहानिकारक बताते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में मुकदमा दायर किया था। याचिका में खान सर समेत कई लोगों पर उनकी पेशेवर प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया गया था। साथ ही दो करोड़ रुपये के हर्जाने की मांग भी की गई थी।

हाईकोर्ट की मध्यस्थता से निकला समाधान

जुलाई 2026 में दिल्ली हाईकोर्ट ने दोनों पक्षों को आपसी सहमति से विवाद सुलझाने का सुझाव दिया था। इसके लिए वरिष्ठ अधिवक्ता राजशेखर राव को मध्यस्थ नियुक्त किया गया था। मध्यस्थता के दौरान दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई और आखिरकार समझौते का रास्ता निकल आया।इस घटनाक्रम के साथ ही पत्रकारिता और ऑनलाइन शिक्षा जगत से जुड़े दो चर्चित चेहरों के बीच चला कानूनी विवाद समाप्त हो गया। अदालत में समझौते की जानकारी दिए जाने के बाद इस मामले ने एक बार फिर मीडिया जगत में चर्चा बटोरी है।

Related Articles

Back to top button