Chhattisgarh

ज्ञानु-जानू वीडियो विवाद: अमित जोगी को पुलिस का नोटिस, 24 घंटे के भीतर थाने में पेश होने के निर्देश

रायपुर, 05 नवंबर 2026। ज्ञानु-जानू वीडियो विवाद को लेकर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। भाजपा नेताओं की शिकायत पर दर्ज एफआईआर के बाद रायपुर की सिविल लाइन पुलिस ने अमित जोगी को पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है। पुलिस ने उनके निवास पर नोटिस चस्पा कर 24 घंटे के भीतर थाने में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 3 नवंबर को दर्ज अपराध की जांच के सिलसिले में अमित जोगी से पूछताछ की जानी है। मामले से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी लेने के लिए उन्हें थाने बुलाया गया है। इस प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 352, 353(2), 356(2) और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

क्या है ज्ञानु-जानू वीडियो विवाद?

दरअसल, अमित जोगी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया था। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य निर्वाचन आयुक्त जैसे दिखने वाले मुखौटे पहने दो पात्रों को प्रदर्शित किया गया था। वीडियो में दोनों पात्रों की सांकेतिक शादी और हनीमून से जुड़े दृश्य भी दिखाए गए थे। वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए रायपुर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। इसके बाद सिविल लाइन पुलिस ने अमित जोगी को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए उपस्थित होने को कहा है।

पोस्ट हटाकर अमित जोगी ने जताया खेद

विवाद बढ़ने के बाद अमित जोगी ने संबंधित वीडियो और पोस्ट को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया था। उन्होंने सार्वजनिक रूप से खेद जताते हुए कहा था कि जिस संदेश को वह सामने रखना चाहते थे, उसे प्रस्तुत करने का तरीका उचित नहीं था। उन्होंने स्वीकार किया कि प्रस्तुति में मर्यादा का ध्यान नहीं रखा गया।

अब पुलिस द्वारा जारी नोटिस के बाद इस मामले में अमित जोगी से पूछताछ की जाएगी। जांच के दौरान उनके बयान और सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

Related Articles

Back to top button