Chhattisgarh

CG NEWS : स्कूल जाते समय नाबालिग से छेड़छाड़, हाथ और चुन्नी पकड़कर खींचने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर, 03 नवंबर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र में स्कूल जा रही नाबालिग छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 20 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर छात्रा का हाथ पकड़कर खींचने, चुन्नी खींचने और अश्लील बातें करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 74 और पॉक्सो एक्ट की धारा 7 और 8 के तहत अपराध दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मां ने 1 नवंबर को सकरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि गांव का रहने वाला आरोपी स्कूल आने-जाने के दौरान उसकी नाबालिग बेटी के साथ आए दिन छेड़छाड़ करता था। आरोप है कि वह कभी छात्रा का हाथ पकड़कर खींचता, तो कभी उसकी चुन्नी खींचकर अनाप-शनाप बातें करता था। पड़ोसी होने के कारण महिला ने शुरुआत में मामले को नजरअंदाज किया, लेकिन 30 अक्टूबर को सुबह करीब 9 बजे जब छात्रा स्कूल जा रही थी, तभी उस्लापुर जय स्तंभ के पास आरोपी ने उसे स्कूल जाने से रोकते हुए उसका हाथ और चुन्नी पकड़कर खींचा और छेड़छाड़ की। इसके बाद पीड़िता की मां ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

नाबालिग से जुड़े मामले की गंभीरता को देखते हुए बिलासपुर के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में सकरी थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंदे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी विजय ध्रुव, पिता प्रकाश ध्रुव, उम्र 20 वर्ष, निवासी काटीखार, उस्लापुर, थाना सकरी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Related Articles

Back to top button