रायपुर में जीजा के घर लाखों की चोरी करने वाला सगा साला गिरफ्तार, 37 लाख के सोने के जेवर बरामद

- ऑनलाइन जुआ खेलने की लत और कर्ज चुकाने के लिए रची थी चोरी की साजिश, घर की पूरी जानकारी होने का उठाया फायदा
रायपुर, 03 नवंबर 2026 । राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में अपने ही सगे जीजा के सूने मकान में लाखों रुपये के जेवरात चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाला कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि प्रार्थी का सगा साला है। आरोपी ने ऑनलाइन जुआ खेलने की लत और कर्ज चुकाने के लिए चोरी की योजना बनाई थी। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 37 लाख रुपये कीमत के 25 तोला सोने के जेवरात बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, लक्ष्मी नगर टिकरापारा निवासी अनिल शर्मा कृषि विभाग में तकनीकी विशेषज्ञ के पद पर कोंडागांव में पदस्थ हैं। उनका परिवार भी कोंडागांव में रहता है, जबकि रायपुर स्थित मकान के निचले तल पर उनके माता-पिता और बड़े भाई का परिवार रहता है। 30 अक्टूबर की सुबह उनकी मां ने फोन कर मकान के मुख्य दरवाजे का ताला कटा होने और चोरी की जानकारी दी। रायपुर पहुंचकर जांच करने पर आलमारी और लॉकर टूटे मिले। वहां रखे सोने, चांदी और हीरे के आभूषण सहित नकदी गायब थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध व्यक्ति मकान की दीवार फांदकर अंदर प्रवेश करते और सीढ़ियों से तीसरी मंजिल तक जाते दिखाई दिया। जांच में उसकी पहचान प्रार्थी के साले प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो शुरुआत में वह लगातार बयान बदलकर गुमराह करता रहा। हालांकि, साक्ष्यों के आधार पर कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे ऑनलाइन जुआ खेलने की आदत है और उस पर काफी कर्ज हो गया था। कुछ दिन पहले वह अपनी बहन के साथ जीजा के घर दो दिन रुका था। इसी दौरान उसे आलमारी में रखे सोने, चांदी और हीरे के आभूषणों तथा नकदी की जानकारी मिल गई थी। बहन के कोंडागांव चले जाने की जानकारी होने पर उसने चोरी की योजना बनाई।
वारदात के दिन आरोपी मकान की दीवार फांदकर अंदर पहुंचा और छोटे ग्राइंडर मशीन की मदद से दरवाजे की कुंडी और ताला तोड़कर तीसरी मंजिल में दाखिल हुआ। इसके बाद आलमारी का लॉकर तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी कर ली। संदेह से बचने के लिए उसने कुछ आभूषण वहीं छोड़ दिए और कपड़ों को व्यवस्थित कर दिया, ताकि तत्काल किसी को उस पर शक न हो।
पुलिस ने आरोपी प्रियंक उर्फ शुभम पाण्डेय (31 वर्ष), पिता देवेंद्र पाण्डेय, निवासी पंजाबीपारा, जिला महासमुंद, हाल मुकाम प्रिंस कॉलोनी लक्ष्मी नगर टिकरापारा रायपुर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 37 लाख रुपये कीमत के 25 तोला सोने के जेवरात जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ टिकरापारा थाने में अपराध क्रमांक 1004/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



