Chhattisgarh

केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के लिए छत्तीसगढ़ के 15 पुलिस अधिकारी और जवान चयनित

रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के लिए राज्य के 15 पुलिस अधिकारियों और जवानों का चयन किया गया है। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट सेवाओं, कर्तव्यनिष्ठा और उल्लेखनीय कार्यों के लिए उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा जाएगा। चयनित पुलिसकर्मियों में पुलिस अधीक्षक से लेकर आरक्षक स्तर तक के अधिकारी और जवान शामिल हैं। इस उपलब्धि से प्रदेश पुलिस बल का गौरव बढ़ा है।

केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक विशेष अभियानों, अपराधों की जांच और फॉरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रदान किया जाता है। इस सम्मान के लिए देशभर के विभिन्न राज्यों की पुलिस के साथ-साथ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), असम राइफल्स, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA), नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (CBIC) सहित विभिन्न केंद्रीय सुरक्षा एवं जांच एजेंसियों के अधिकारियों और कर्मचारियों का चयन किया जाता है।

छत्तीसगढ़ से चयनित 15 पुलिस अधिकारियों एवं जवानों में पुलिस अधीक्षक रोबिन्सन गुरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रमोद साबड़िया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार नायक तथा उप पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार नेताम शामिल हैं।

इसी तरह उप निरीक्षक महेंद्र पोटई, प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम कूपल, प्रधान आरक्षक रामकुमार डारो, आरक्षक भुनश्वर मरकाम और आरक्षक जाइणु राम दुग्गा को भी इस सम्मान के लिए चुना गया है। इनके अलावा बीएफ सीटी राजेश सलाम, बीएफडब्ल्यू सीटी लिखेश्वरी नाग, बीएफ सीटी चमन लाल, सीटी लक्ष्मण राम कोर्रम और सीटी सोमारू राम वड्डे भी पदक प्राप्त करने वालों की सूची में शामिल हैं।

इस सम्मान के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ मैदानी स्तर पर कार्य करने वाले जवानों का चयन भी उल्लेखनीय है। यह पुलिस विभाग के विभिन्न स्तरों पर कार्यरत कर्मचारियों के योगदान और पेशेवर दक्षता को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान को दर्शाता है। छत्तीसगढ़ में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, गंभीर अपराधों की जांच और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में विशेष अभियान संचालित करने में पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। ऐसे में प्रदेश के 15 पुलिसकर्मियों का इस प्रतिष्ठित पदक के लिए चयन होना राज्य पुलिस के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

Related Articles

Back to top button