धमतरी में गौ-तस्करी का भंडाफोड़: दो वाहनों से 13 गौवंश बरामद, एक बछड़े की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार

धमतरी, 31 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में गौ-तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मगरलोड थाना पुलिस ने क्रूरतापूर्वक परिवहन किए जा रहे 13 गौवंशों को बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 12 गौवंश जीवित मिले, जबकि एक बछड़े की मौत हो गई। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल दो चारपहिया वाहनों को भी जब्त किया है, जिनकी अनुमानित कीमत 6 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम भोथा से ग्राम डोनर जाने वाले कच्चे मार्ग पर नाका के पास दो चारपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हालत में लावारिस खड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मौजूदगी में वाहनों की जांच की। इस दौरान बिना नंबर प्लेट वाली टाटा योद्धा 1700 में सात और बोलेरो मैक्स पिकअप में छह गौवंश मिले।
दोनों वाहनों में मवेशियों को बिना चारा-पानी के ठूंस-ठूंसकर भरा गया था। पुलिस के अनुसार, परिवहन के दौरान दम घुटने और दुर्घटना के कारण एक बछड़े की मौत हो गई थी। पुलिस ने तत्काल पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाकर 12 जीवित गौवंशों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया, जबकि मृत बछड़े का पोस्टमार्टम कराया गया।
इसके बाद छत्तीसगढ़ राज्य गौसेवा आयोग के निर्देशानुसार नगर पालिका कुरूद के काऊ कैचर वाहन की सहायता से सभी 12 जीवित गौवंशों को गरियाबंद जिले के ग्राम हाथबाय स्थित गुरु गायत्री गौशाला समिति में सुरक्षित पहुंचाया गया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरटीओ कार्यालय से दोनों वाहनों के मालिकों की जानकारी जुटाई। वाहन स्वामियों से पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के बाद दोनों वाहन चालकों की संलिप्तता सामने आई। इसके आधार पर पुलिस ने मधु शंकर लहरे (26 वर्ष) और अजय बंजारे (22 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम पाईकभांठा, थाना सिहावा, जिला धमतरी को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने टाटा योद्धा 1700 और बोलेरो मैक्स पिकअप वाहन जब्त किए हैं। दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत तीन-तीन लाख रुपये है। इस मामले में मगरलोड थाने में अपराध क्रमांक 195/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता का निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई के बाद धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में गौ-तस्करी, अवैध पशु परिवहन और पशुओं के प्रति क्रूरता के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




