Chhattisgarh

धमतरी में अवैध शराब कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, महिला समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, 12.5 लीटर महुआ शराब और नकदी जब्त

धमतरी, 29 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मगरलोड थाना पुलिस ने ग्राम कमारपारा मोहंदी में दबिश देकर अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बेचने के आरोप में एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 12.5 लीटर कच्ची महुआ शराब और बिक्री की रकम 3 हजार रुपये नकद जब्त किए हैं। जब्त शराब और नकदी की कुल कीमत 4,875 रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब की बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मगरलोड पुलिस को मुखबिर से ग्राम कमारपारा मोहंदी में अवैध महुआ शराब की बिक्री होने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग स्थानों से आरोपियों को पकड़ा।

पुलिस के अनुसार, पहले मामले में कमारपारा मोहंदी निवासी शिव कुमार कमार (45 वर्ष) के कब्जे से 4 लीटर कच्ची महुआ शराब और बिक्री के 1,000 रुपये नकद जब्त किए गए। शराब की कीमत 600 रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 214/26 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

दूसरे मामले में पुलिस ने धनेश्वरी कमार (38 वर्ष) को अवैध शराब बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 4.5 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी कीमत 675 रुपये है, और बिक्री के 1,000 रुपये नकद बरामद किए गए। इस मामले में अपराध क्रमांक 215/26 दर्ज किया गया है।

वहीं, तीसरी कार्रवाई में छविलाल कमार (45 वर्ष) के कब्जे से 4 लीटर कच्ची महुआ शराब और 1,000 रुपये नकद जब्त किए गए। जब्त शराब की कीमत 600 रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 216/26 दर्ज किया है।

तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है। पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब की बिक्री, परिवहन या भंडारण की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाने में सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Related Articles

Back to top button