Chhattisgarh

सक्ती में नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 17,500 रुपये के जाली नोट बरामद, कलर प्रिंटर समेत दो आरोपी गिरफ्तार

सक्ती, 29 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में नकली नोट छापकर बाजार में खपाने की तैयारी कर रहे गिरोह के खिलाफ हसौद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने नकली नोट तैयार करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 500 और 100 रुपये के कुल 17,500 रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं। इसके अलावा नकली नोटों की छपाई में इस्तेमाल होने वाला कलर प्रिंटर, फ्रेम, पेपर, कटर और एक एक्टिवा भी जब्त की गई है।

जानकारी के अनुसार, हसौद पुलिस को नकली नोट तैयार किए जाने के संबंध में सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पकड़ा। दोनों आरोपी सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के कोसीर गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी कलर प्रिंटर की मदद से असली नोटों की तरह दिखने वाले नकली नोट तैयार कर रहे थे।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 500 और 100 रुपये के नकली नोट जब्त किए, जिनकी कुल कीमत 17,500 रुपये है। इसके साथ ही नोट छापने में उपयोग किए जाने वाले उपकरण और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी कब से नकली नोट तैयार कर रहे थे और क्या इससे पहले भी जाली नोट बाजार में खपाए गए हैं।

हसौद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस नकली नोटों के इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गतिविधि में अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है।

Related Articles

Back to top button