Chhattisgarh

CG CRIME : 8.8 लीटर महुआ शराब के साथ महिला गिरफ्तार, दृष्टि हेल्पलाइन की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश

बलौदाबाजार-भाटापारा, 29 अक्टूबर 2026। जिले में अवैध शराब की बिक्री और निर्माण के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में दृष्टि हेल्पलाइन पर मिली सूचना के आधार पर लवन थाना पुलिस ने ग्राम करदा में दबिश देकर अवैध महुआ शराब बेचने के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के कब्जे से 8.800 बल्क लीटर महुआ शराब और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, SP गौरव राय के निर्देशन में जिले में आम नागरिकों की शिकायतों और आपराधिक गतिविधियों की सूचना पर त्वरित कार्रवाई के लिए दृष्टि हेल्पलाइन संचालित की जा रही है। इसी हेल्पलाइन पर ग्राम करदा में अवैध शराब बिक्री की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर 28 अक्टूबर को लवन थाना पुलिस की टीम ने गांव में घेराबंदी कर कार्रवाई की।

पुलिस ने मौके से सुरूज बाई बंजारे (36 वर्ष), निवासी ग्राम करदा, थाना लवन को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान महिला के कब्जे से 8.800 बल्क लीटर महुआ शराब के साथ शराब निर्माण में उपयोग होने वाला गैस सिलेंडर, चूल्हा, बर्तन और अन्य सामग्री जब्त की गई। पुलिस के अनुसार जब्त सामग्री की कीमत 7,750 रुपये बताई गई है।

आरोपी महिला के खिलाफ थाना लवन में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।

SP गौरव राय ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, अवैध शराब बिक्री या अन्य शिकायत की जानकारी दृष्टि हेल्पलाइन नंबर 94792 20392 पर कॉल अथवा व्हाट्सएप के माध्यम से दे सकते हैं। पुलिस का कहना है कि हेल्पलाइन के जरिए प्राप्त सूचनाओं पर लगातार कार्रवाई की जा रही है, जिससे आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की धरपकड़ में सफलता मिल रही है।

Related Articles

Back to top button