CG CRIME: गार्डन में सट्टा-पट्टी लिखते आरोपी गिरफ्तार, 15 हजार से अधिक की सामग्री जब्त

धमतरी, 28 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली पुलिस ने रामसगरी गार्डन में सट्टा-पट्टी लिखते एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन, नकदी और सट्टा-पट्टी सहित कुल 15 हजार 250 रुपए की सामग्री जब्त की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, SP भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध जुआ-सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रामसगरी गार्डन के अंदर एक व्यक्ति रुपए-पैसों का दांव लगाकर सट्टा-पट्टी लिख रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। इस दौरान एक व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर सट्टा-पट्टी लिखते पाया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान रघुवीर सिंह ठाकुर (36 वर्ष), पिता विजय सिंह ठाकुर, निवासी रामसागर पारा, धमतरी के रूप में हुई।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सट्टा-पट्टी, एक डॉट पेन, 13 हजार रुपए कीमत के दो मोबाइल फोन और 2 हजार 250 रुपए नकद जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 15 हजार 250 रुपए बताई गई है।
इस मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 275/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम की धारा 6(क) में अपराध दर्ज किया है। वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ-सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जुआ-सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें और कहीं भी इस तरह की गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।




