कोरबा प्रेस क्लब के सहयोगी डी. शेखर क्रिस्टोफर का निधन, खेल जगत में शोक

कोरबा। कोरबा के एसईसीएल कॉलोनी निवासी डी. शेखर क्रिस्टोफर के असामयिक निधन से शहर के खेल जगत और कोरबा प्रेस क्लब परिवार में शोक की लहर है। वे लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन को खेल जगत और प्रेस क्लब के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। स्व. केएल मेहता क्रिकेट टूर्नामेंट में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। वे इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता से लंबे समय से जुड़े हुए थे और हर वर्ष अपने सहयोग से आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाते थे।
डी. शेखर क्रिस्टोफर एसईसीएल में अपनी कर्तव्यनिष्ठा के लिए जाने जाते थे। नौकरी के साथ-साथ उनकी खेलों में भी गहरी रुचि थी। वे स्वयं एक अच्छे क्रिकेट खिलाड़ी थे और क्रिकेट के प्रति उनका विशेष लगाव था। कोरबा प्रेस क्लब द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित स्व. केएल मेहता क्रिकेट टूर्नामेंट में वे लगातार अंपायर के रूप में अपनी सेवाएं देते रहे। खेल के प्रति उनकी समझ, निष्पक्ष निर्णय क्षमता और आयोजन के प्रति समर्पण की सराहना की जाती थी।
कोरबा प्रेस क्लब के साथ उनका संबंध केवल एक खेल सहयोगी तक सीमित नहीं था, बल्कि वे क्लब के आत्मीय सहयोगियों में शामिल थे। उनका मिलनसार स्वभाव, सहज व्यवहार और सभी के साथ आत्मीयता से जुड़ने की खूबी उन्हें विशिष्ट बनाती थी। उनके योगदान और खेल के प्रति समर्पण को प्रेस क्लब परिवार हमेशा याद रखेगा।
डी. शेखर क्रिस्टोफर अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके पुत्र भी एक उत्कृष्ट क्रिकेट खिलाड़ी हैं। उनके बड़े भाई सुरेश क्रिस्टोफर जिला ओलंपिक संघ के सचिव हैं। उनके निधन की खबर से परिजनों, मित्रों, खेल प्रेमियों और शुभचिंतकों में गहरा दुख है।
कोरबा प्रेस क्लब ने डी. शेखर क्रिस्टोफर के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। क्लब ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। उनका निधन कोरबा के क्रिकेट जगत में एक ऐसी कमी छोड़ गया है, जिसकी भरपाई करना आसान नहीं होगा।




