कोरबा में श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता का भव्य आयोजन, पंडित शिवराज शर्मा के भजनों से राममय हुआ परशुराम भवन

कोरबा, 28 अक्टूबर। शरद पूर्णिमा के अवसर पर मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति एवं मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में दुरपा रोड स्थित परशुराम भवन में श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शरदोत्सव के अंतर्गत आयोजित इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने श्रीरामचरितमानस की चौपाइयों और दोहों का सस्वर वाचन कर भक्ति, संस्कार और जीवन मूल्यों का संदेश दिया। वहीं प्रसिद्ध मानस गायक एवं राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक पंडित शिवराज शर्मा की संगीतमयी प्रस्तुति और रामभजनों से पूरा परशुराम भवन राममय हो उठा।
प्रतियोगिता में अंशु शर्मा, हर्ष नारायण शर्मा, प्रतिभा शर्मा, उर्मिला शर्मा, ममता शर्मा और ममता ललित शर्मा सहित अनेक प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित समाजजनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतिभागियों ने श्रीरामचरितमानस की चौपाइयों के माध्यम से मानव जीवन की महत्ता, सत्संग, निर्मल मन, अच्छी संगति और माता-पिता एवं गुरुजनों के प्रति सम्मान जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
अंशु शर्मा ने ‘निर्मल मन जन सो मोहि पावा’ चौपाई के माध्यम से निष्कपट भक्ति का संदेश दिया। हर्ष नारायण शर्मा ने संगति के प्रभाव, प्रतिभा शर्मा ने मानव जीवन की महत्ता और उर्मिला शर्मा ने माता-पिता एवं गुरुजनों के सम्मान पर आधारित चौपाइयों का वाचन किया। ममता शर्मा एवं ममता ललित शर्मा ने सत्संग की महिमा पर आधारित चौपाइयों और दोहों की भावपूर्ण प्रस्तुति दी।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका निभा रहे राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक एवं प्रसिद्ध मानस गायक पंडित शिवराज शर्मा ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। इसके साथ ही उन्होंने श्रीरामचरितमानस की चौपाइयों और रामभजनों की संगीतमयी प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। उनकी प्रस्तुति की उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की।
इस अवसर पर मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने पंडित शिवराज शर्मा को पुष्पहार पहनाकर तथा शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने कहा कि श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ भारतीय संस्कृति, संस्कारों और मानस में निहित जीवन-दर्शन को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। ऐसे आयोजनों से बच्चों और युवाओं में धार्मिक साहित्य के प्रति रुचि बढ़ती है तथा समाज में सदाचार, प्रेम, त्याग और मर्यादा जैसे मूल्यों को प्रोत्साहन मिलता है।
समिति अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, पारिवारिक संस्कार और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं। उन्होंने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार जताया।
मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल की अध्यक्ष रेणु पुजारी ने भी महिलाओं, बच्चों और समाज के सदस्यों की उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक आरती की गई और उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। शरद पूर्णिमा का यह आयोजन श्रीरामभक्ति, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ संपन्न हुआ।




