बलौदाबाजार में गांजा तस्करों का पुलिस पर जानलेवा हमला, इनोवा से मारी टक्कर, 6 किलो से अधिक गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

बलौदाबाजार-भाटापारा, 26 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में पुलिस ने ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ओडिशा से इनोवा कार के जरिए गांजा लेकर दुर्ग और राजनांदगांव क्षेत्र में खपाने जा रहे दो आरोपियों को भाटापारा ग्रामीण पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर भागने के प्रयास में अपनी तेज रफ्तार इनोवा कार से पुलिस वाहन को टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पुलिसकर्मियों को कुचलने का भी प्रयास किया। इसके बावजूद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से 6 किलो 154 ग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल इनोवा कार जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और खरीदी-बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 24 अक्टूबर को भाटापारा ग्रामीण पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की इनोवा कार क्रमांक CG 04 LV 2454 में ओडिशा से गांजा लाकर छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में सप्लाई किया जा रहा है। सूचना के आधार पर भाटापारा ग्रामीण थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित कर संदिग्ध मार्गों पर रात्रिकालीन नाकाबंदी की गई।
नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध इनोवा कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन पुलिस को देखकर चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पकड़े जाने से बचने के लिए इनोवा कार को पुलिस वाहन से टकरा दिया और पुलिसकर्मियों को कुचलकर भागने की कोशिश की। अचानक हुए इस घटनाक्रम के बावजूद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
इसके बाद एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में इनोवा कार की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन में सेलो टेप से लपेटकर छिपाए गए गांजा के पैकेट बरामद हुए। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौल करने पर गांजा की कुल मात्रा 6 किलो 154 ग्राम पाई गई। पुलिस ने गांजा, इनोवा कार और अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने ओडिशा से गांजा लाकर दुर्ग और राजनांदगांव क्षेत्र में खपाने की योजना होने की बात स्वीकार की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेश सिंह (24 वर्ष), पिता मुनेश्वर सिंह और राजेश साहू (56 वर्ष), पिता बलिराम साहू के रूप में हुई है। दोनों आरोपी घासीदास नगर, थाना जामुल, जिला दुर्ग के निवासी हैं।
इस मामले में थाना भाटापारा ग्रामीण में अपराध क्रमांक 664/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में प्रकरण दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को 25 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया। वहीं, पुलिस वाहन को टक्कर मारने और पुलिसकर्मियों की जान लेने का प्रयास करने के आरोप में थाना सिटी कोतवाली में अलग से गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। फिलहाल पुलिस गांजा तस्करी के नेटवर्क, ओडिशा से सप्लाई करने वालों और छत्तीसगढ़ में गांजा की खेप प्राप्त करने वाले लोगों के संबंध में जांच कर रही है। मामले की विवेचना जारी है।




