Chhattisgarh

धमतरी में तलवार और लाठी-डंडों से लैस युवकों ने घर में घुसकर मचाया उत्पात, 5 आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

धमतरी, 26 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के टिकरापारा में तलवार, बेसबॉल स्टिक और लाठी-डंडों से लैस युवकों द्वारा एक महिला के घर में घुसकर उत्पात मचाने के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे की है। टिकरापारा निवासी एक महिला अपने घर के आंगन में बच्चे को खिला रही थी। इसी दौरान करीब 10 से 12 युवक तलवार, बेसबॉल स्टिक और लाठी-डंडे लेकर कथित तौर पर जबरन उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने महिला के साथ झूमाझटकी और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

आरोपियों के आक्रामक रवैये से भयभीत महिला अपनी जान बचाने के लिए अपनी मां तारा निर्मलकर के घर पहुंची। आरोप है कि युवक वहां भी पहुंच गए और घर के अंदर घुसकर गाली-गलौज करने लगे। इस दौरान तलवार और लाठी-डंडे लहराकर दहशत फैलाने का प्रयास किया गया।

घटना की शिकायत मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 273/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(2), 189(4), 190, 191(3) और 331(6) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में टिकरापारा वार्ड क्रमांक 33 निवासी देवेन्द्र नेताम उर्फ पप्पू (30 वर्ष), टिकरापारा निवासी आदित्य मसीह (19 वर्ष), रिसाईपारा पश्चिम वार्ड क्रमांक 16 निवासी हिमांशु राकुडला (20 वर्ष), टिकरापारा निवासी हर्ष अंगारे उर्फ छोटू (20 वर्ष) और रिसाईपारा पश्चिम निवासी रूद्रेश प्रताप साहू (29 वर्ष) शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बांस के डंडे भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार सभी पांच आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय धमतरी में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, इस घटना में अन्य युवकों की संलिप्तता भी सामने आई है। उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में गुंडागर्दी, हथियारों का प्रदर्शन और आम नागरिकों को भयभीत करने जैसी गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की हिंसक घटना, हथियारों के प्रदर्शन या धमकी की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button