सीपीआई की राज्य परिषद बैठक में उठीं कोरबा की समस्याएं, प्रदूषण और बदहाल सड़कों का मुद्दा प्रमुखता से उठा

कोरबा। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) की छत्तीसगढ़ राज्य परिषद की बैठक में कोरबा जिले की प्रमुख जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। बैठक में जिले में बढ़ते प्रदूषण, शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की जर्जर सड़कों तथा शासकीय उचित मूल्य की दुकानों से गरीबों को चना नहीं मिलने का मुद्दा उठाते हुए इनके निराकरण की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, जिला परिषद कोरबा के जिला सचिव कॉमरेड पवन कुमार वर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि 25 अक्टूबर 2026 को रायपुर स्थित होटल ऑल नियर में सीपीआई छत्तीसगढ़ राज्य परिषद की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कोरबा जिले से जिला सचिव पवन कुमार वर्मा सहित हरिनाथ सिंह, सुनील सिंह, विजयलक्ष्मी चौहान और अनूप सिंह शामिल हुए।
बैठक के दौरान जिला सचिव पवन कुमार वर्मा ने कोरबा जिले की ज्वलंत समस्याओं पर रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि कोरबा में प्रदूषण का स्तर लगातार चिंताजनक होता जा रहा है। इसके साथ ही शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें जर्जर हालत में हैं, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि गरीब परिवारों को शासकीय उचित मूल्य की दुकानों से चना नहीं मिल पा रहा है। इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने जिले में पार्टी द्वारा किए गए सामाजिक कार्यों और विभिन्न जनआंदोलनों की जानकारी भी राज्य परिषद के समक्ष रखी।

बैठक को संबोधित करते हुए राज्य सचिव कॉमरेड के. साजि ने देश और प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से विचार रखे। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ पार्टी की रणनीति तैयार करने तथा जनसंगठनों को मजबूत बनाने पर जोर दिया।
राज्य सह सचिव कॉमरेड फूल सिंह कचलाम ने आरोप लगाया कि देश और प्रदेश में संविधान, लोकतंत्र, शिक्षा तथा चिकित्सा व्यवस्था पर लगातार हमले हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसान, मजदूर, आदिवासी, दलित, छात्र और नौजवान विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं। उन्होंने जनता के मतदान के अधिकार पर खतरे की बात भी उठाई। कचलाम ने कहा कि इन मुद्दों के खिलाफ भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी तथा उसके जनसंगठन ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन (AIYF) और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) लगातार आंदोलन कर रहे हैं।
बैठक में राज्य कोषाध्यक्ष कॉमरेड लाखन सिंह ने पार्टी के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने के लिए पार्टी फंड बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में जनसमस्याओं को लेकर संघर्ष तेज करने और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।




