‘रेलवे अधिकारी बनाता है संबंध बनाने का दबाव, मना करने पर नौकरी से हटाने की धमकी’, महिला कर्मचारी ने लगाए गंभीर आरोप, रेल मंत्री और महिला आयोग से लगाई न्याय की गुहार

बिलासपुर। बिलासपुर रेल मंडल में एक अधिकारी पर महिला कर्मचारी को यौन संबंध बनाने के लिए दबाव देने और विरोध करने पर नौकरी से हटाने की धमकी देने का आरोप लगा है। प्लेसमेंट एजेंसी के जरिए काम कर रही महिला कर्मचारी ने इस मामले में शिकायत दर्ज कराते हुए अपनी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, शिकायत में रेल मंडल के अधिकारी रुखमैया मीणा का नाम सामने आया है। महिला कर्मचारी ने अपनी शिकायत रेल मंत्री, महिला आयोग और सीएम हेल्पलाइन तक पहुंचाई है। शिकायत के आधार पर महिला एवं बाल विकास विभाग ने मामले को रेलवे के संबंधित विभाग के पास जांच के लिए भेजा है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
विरोध करने पर नौकरी से हटाने की धमकी देने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, महिला कर्मचारी ने आरोप लगाया है कि अधिकारी उस पर यौन संबंध बनाने के लिए दबाव डाल रहे थे। महिला का दावा है कि इस मांग का विरोध करने पर उसे नौकरी से हटाने की धमकी भी दी गई। महिला ने मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित अधिकारियों से हस्तक्षेप करने और कार्यस्थल पर उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति
फिलहाल अधिकारी रुखमैया मीणा पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले में जांच की स्थिति और संबंधित अधिकारी का पक्ष सामने आना बाकी है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




