दर्दनाक सड़क हादसा: कार की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत, दो बच्चियों समेत तीन घायल, गुस्साए ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

बालोद, 25 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शनिवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिला मुख्यालय से लगे ग्राम सिवनी में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार 50 वर्षीय महिला भगवती साहू की मौत हो गई, जबकि दो बच्चियों समेत तीन लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार चारों लोग सड़क किनारे नहर में जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने नहर में उतरकर सभी को बाहर निकाला और घायलों को जिला अस्पताल बालोद पहुंचाया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम अंगारी निवासी भोज कुमार साहू (28) अपनी मां भगवती साहू (50) और दो बच्चियों कनिका व काव्या को बाइक पर बैठाकर बालोद से अपने गांव लौट रहे थे। शनिवार शाम करीब 7:30 बजे ग्राम सिवनी के पास झलमला से बालोद की ओर आ रही कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित हो गई और उस पर सवार चारों लोग बाइक समेत सड़क किनारे स्थित नहर में गिर गए।
हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और नहर में उतरकर सभी को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक भगवती साहू की मौत हो चुकी थी। वहीं, भोज कुमार साहू और दोनों बच्चियां घायल हो गईं। तीनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल बालोद में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने दुर्घटना करने वाली कार को घेर लिया और मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी विनय साहू और थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाइश देते हुए मामले में निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया और यातायात बहाल हो सका।
ग्राम सिवनी के पूर्व सरपंच दानेश्वर सिन्हा ने सड़क पर प्रकाश व्यवस्था नहीं होने को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि इस मार्ग पर स्ट्रीट लाइट की सुविधा नहीं है। शाम होते ही सड़क पर अंधेरा छा जाता है, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने प्रशासन से नेशनल हाईवे के दोनों ओर तत्काल स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। वहीं, ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।




