Madhya Pradesh

फिर आया ‘तीन तलाक’ का मामलाः गर्भवती पत्नी को पति ने 3 तलाक बोलकर निकाला, दहेज प्रताड़ना का आरोप

जबलपुर। मध्य प्रदेश के संस्कारधानी जबलपुर से एक बार फिर ‘तीन तलाक’ का मामला सामने आया है। यहां एक गर्भवती महिला को उसके पति ने तीन बार ‘तलाक-तलाक-तलाक’ बोलकर उससे रिश्ता तोड़ लिया और घर से भगा दिया। पीड़ित महिला ने थाने पहुंचकर अपने पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना, मारपीट और अवैध रूप से तीन तलाक देने की धाराओं में मामला दर्ज कराया है। इस घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है।

दरअसल मामला जबलपुर का है जहां पारिवारिक कलह और दहेज की मांग ने एक बार फिर क्रूर रूप लिया है। पीड़िता शबनम बानो की शादी इसी साल 7 जनवरी 2026 को मदार टेकरी निवासी इमरान खान के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा था। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसका पति इमरान खान अक्सर नशे की हालत में घर पहुंचता है और उसके साथ मारपीट करता है। हैरानी की बात यह है कि वर्तमान में पीड़िता गर्भवती है, लेकिन इसके बावजूद उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। हद तो तब हो गई जब आरोपी पति ने प्रताड़ना की सारी हदें पार करते हुए गर्भवती पत्नी को तीन बार ‘तलाक, तलाक, तलाक’ कहकर घर से निकाल दिया और अपना पीछा छुड़ा लिया।

पति के इस अमानवीय और गैर-कानूनी रवैये से आहत होकर पीड़ित गर्भवती महिला अपनी मां के साथ थाने पहुंची और पति के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर पीड़िता शबनम बानो और पीड़ित की मां ने अपनी पीड़ा मीडिया के सामने साझा की है, जिसके बाद पुलिस अब आरोपी पति की तलाश और मामले की गहनता से जांच में जुटी है।

Related Articles

Back to top button