Madhya Pradesh

साहब, मेरी शादी करवा दीजिए…! टीकमगढ़ में कलेक्टर के सामने अनोखी फरियाद लेकर पहुंचा युवक, बोला- मोहल्ले वाले नहीं बनने दे रहे दूल्हा

टीकमगढ़। अक्सर लोग कलेक्टर या जिला प्रशासन के पास सड़क, बिजली, पानी, राशन या नौकरी जैसी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। लेकिन मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आपके चेहरे पर भी मुस्कान आ जाएगी। यहां एक 22 साल का युवक अपनी किसी आम समस्या को लेकर नहीं, बल्कि दूल्हा बनने की गुहार लेकर सीधे कलेक्टर साहब के दरबार में जा पहुंचा!

जनसभा में गूंजी दिल की पुकार
मामला टीकमगढ़ जिले के प्रसिद्ध कुण्डेश्वर गांव का है, जहां हाल ही में ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान’ के तहत जनसुनवाई का आयोजन किया गया था। इसी दौरान 22 वर्षीय शिवम राय नाम का एक युवक कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय के सामने हाथ जोड़कर खड़ा हो गया और ऐसी फरियाद सुनाई कि वहां मौजूद सभी लोग हैरान रह गए। शिवम ने जिला प्रशासन को एक लिखित आवेदन सौंपते हुए सीधी मांग रख दी कि “साहब, मेरी शादी करवा दीजिए!”

‘मोहल्ले वाले कर देते हैं खेल खराब’
युवक ने अपनी दुखभरी दास्तान सुनाते हुए बताया कि उसकी शादी के लिए रिश्ते तो बहुत आते हैं और लड़की वाले उसे देखने के लिए घर तक निकलते भी हैं, लेकिन वे उसके घर पहुंचने से पहले ही रास्ते से वापस लौट जाते हैं। शिवम का गंभीर आरोप है कि उसके मोहल्ले के कुछ लोग जलते हैं और रास्ते में ही लड़की वालों को उसके खिलाफ उल्टी-सीधी बातें बताकर बरगला देते हैं। नतीजा यह होता है कि बिना घर आए ही रिश्ते की बात टूट जाती है। युवक के मुताबिक उसके साथ ऐसा एक-दो बार नहीं बल्कि कई बार हो चुका है, जिससे वह खासे परेशान हो चुका है।

फिलहाल इस अनोखी फरियाद को सुनकर जिला प्रशासन के अधिकारी भी असमंजस में पड़ गए कि इस समस्या का समाधान कैसे किया जाए। कुण्डेश्वर गांव से सामने आया यह मामला अब पूरे इलाके में चर्चा का हॉट टॉपिक बना हुआ है और हर कोई इस ‘बेचारे आशिक’ की प्रेम-कथा और प्रशासनिक गुहार के चर्चे कर रहा है।

Related Articles

Back to top button