Chhattisgarh

नेशनल हाइवे 53 पर ट्रक में जा घुसी कार, 2 महिलाओं की मौत,3 घायल

महासमुंद, 23 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नेशनल हाइवे 53 पर शुक्रवार सुबह दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया. ओडिशा के संबलपुर से आ रही कार दुर्घटना का शिकार हो गई। 16 चक्का ट्रक में कार पीछे से जा घुसी। हादसा इतना भयानक था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना पटेवा थाना क्षेत्र में बावनकेरा की है। घटना में कार के परखच्चे उड़ गए। मृतकों की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है।

प्रारंभिक तौर पर सभी राजनांदगांव जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। कार में घटना के वक्त 5 लोग सवार थे। वह ओडिशा के संबलपुर में शादी में शामिल होने के लिए गए थे। पुलिस घटना के संबंध में जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग 53 पर बावनकेरा चौक पर तेज रफ्तार कार 16 चक्का ट्रक से जा टकराई। ट्रक के पीछे के हिस्से टकराने के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. घटना के वक्त कार में 5 लोग सवार थे।

राहगीरों की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने वाहन में मौजूद लोगों को बाहर निकाला। सभी को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव लाया गया। डॉक्टरों ने दो महिलाओं की मृत घोषित कर दिया. वहीं घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है।

Related Articles

Back to top button