Chhattisgarh

जांजगीर-नैला रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज और ट्रेनों के ठहराव की मांग, सांसद कमलेश जांगड़े व नारायण चंदेल ने रेलवे जीएम से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन

जांजगीर-चांपा, 22 अक्टूबर 2026। जांजगीर-चांपा जिले में रेलवे से जुड़ी वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान और यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर सांसद कमलेश जांगड़े एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने आज दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर जोन के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं ने जांजगीर-नैला के बलौदा रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज या अंडरब्रिज निर्माण, प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव और विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। रेलवे महाप्रबंधक के साथ हुई बैठक में जिले की लंबित रेलवे समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

सांसद कमलेश जांगड़े और पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने रेलवे महाप्रबंधक को बताया कि जांजगीर-नैला से बलौदा जाने वाले मार्ग पर स्थित रेलवे फाटक में आए दिन लंबा जाम लगता है। इसके कारण स्थानीय नागरिकों, स्कूली विद्यार्थियों, व्यापारियों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र की जनता लंबे समय से इस रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज या अंडरब्रिज निर्माण की मांग कर रही है। दोनों नेताओं ने जनहित को ध्यान में रखते हुए इस समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की।

बैठक के दौरान जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन पर साउथ बिहार एक्सप्रेस, गोंडवाना एक्सप्रेस और हीराकुंड एक्सप्रेस के ठहराव की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। इसके अलावा चांपा जंक्शन में गीतांजलि एक्सप्रेस का ठहराव सुनिश्चित करने के लिए रेलवे महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपा गया। दोनों नेताओं ने कहा कि इन प्रमुख ट्रेनों का ठहराव मिलने से जिले के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में सुविधा मिलेगी और रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी।

सांसद और पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने नैला स्थित प्रसिद्ध नहरिया बाबा मंदिर के पास फुट ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने की मांग भी रखी। इसके साथ ही नैला ईस्ट केबिन के आसपास स्थित दर्रीपारा सहित अन्य वार्डों में रहने वाली बड़ी आबादी को आवागमन में हो रही परेशानियों से रेलवे अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने इस क्षेत्र में सुगम आवागमन के लिए उपयुक्त मार्ग और फुट ओवरब्रिज निर्माण का सुझाव दिया।

जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की मांग भी बैठक में रखी गई। इनमें उच्चस्तरीय प्रतीक्षालय, लिफ्ट, एस्केलेटर, प्लेटफॉर्म क्रमांक 1, 2 और 3 पर पर्याप्त शेड, यात्रियों के बैठने के लिए आरामदायक कुर्सियां, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था और नए फुट ओवरब्रिज का निर्माण शामिल है। इसके अलावा जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन से बलौदा की ओर जाने वाली सड़क के नवीनीकरण की मांग भी की गई।

बैठक में अकलतरा, जांजगीर-नैला, चांपा, बाराद्वार और सक्ती रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने इन स्टेशनों पर बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने और यात्रियों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने की आवश्यकता बताई।

इसके साथ ही बलौदाबाजार, खरौद-शिवरीनारायण से धर्मजयगढ़ तक प्रस्तावित नई रेल परियोजनाओं के संबंध में भी सांसद कमलेश जांगड़े और नारायण चंदेल ने रेलवे महाप्रबंधक को कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने इन परियोजनाओं को क्षेत्र के औद्योगिक, व्यापारिक और सामाजिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।

करीब आधे घंटे से अधिक समय तक चली इस बैठक में रेलवे महाप्रबंधक तरुण प्रकाश सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुना। रेलवे अधिकारियों ने रेलवे बोर्ड से संबंधित प्रस्तावों को शीघ्र भेजने और जोनल कार्यालय के स्तर पर होने वाले यात्री सुविधा संबंधी कार्यों को जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।

रेलवे अधिकारियों ने यह भी आश्वस्त किया कि रेलवे की विशेष टीम जल्द ही जांजगीर-नैला सहित जिले और आसपास के अन्य रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण करेगी। इसके अलावा रेलवे महाप्रबंधक और मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) द्वारा भी संबंधित रेलवे स्टेशनों का दौरा कर समस्याओं का जायजा लेने का आश्वासन दिया गया। सांसद कमलेश जांगड़े और पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने उम्मीद जताई कि रेलवे प्रशासन की पहल से क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांगों का समाधान होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

Related Articles

Back to top button