Chhattisgarh

9 साल से तैयार बालपुर-सारागांव रेल लाइन पर यात्री ट्रेन का इंतजार, रायगढ़ रूट से जुड़ने की उम्मीद अधूरी

कोरबा, 22 अक्टूबर। कोरबा को रेल सेवा से जुड़े करीब 67 साल हो चुके हैं, लेकिन जिले के यात्रियों को अब भी सीमित रेल मार्गों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। बालपुर रेलवे स्टेशन से सारागांव तक बनी बाइपास रेल लाइन पर करीब नौ साल बीतने के बाद भी नियमित यात्री ट्रेन का संचालन शुरू नहीं हो सका है। इससे कोरबा को रायगढ़ रेल मार्ग से सीधे जोड़ने की मांग लंबे समय से लंबित है। रेलवे इस लाइन पर मालगाड़ी के साथ कोचिंग ट्रेन चलाने का परीक्षण भी कर चुका है, लेकिन नियमित यात्री सेवा शुरू करने की दिशा में अब तक ठोस परिणाम सामने नहीं आया है।

जानकारी के अनुसार, बिलासपुर रेल मंडल ने करीब आठ साल पहले इस मार्ग पर कोचिंग ट्रेन चलाने के लिए कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी (सीआरएस) से अनुमति लेने की प्रक्रिया पूरी की थी। हालांकि, यात्री ट्रेनों के सुरक्षित संचालन के लिए आवश्यक सीआरएस निरीक्षण नहीं हो पाने के कारण इस मार्ग पर नियमित सेवा शुरू नहीं हो सकी।

पिछले वर्ष अक्टूबर में कोरबा दौरे पर आए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश और उनकी टीम ने वापसी के दौरान स्पेशल ट्रेन से बालपुर-सारागांव बाइपास रेल लाइन का निरीक्षण किया था। इस दौरान ट्रेन को लगभग 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलाया गया। निरीक्षण के बाद इस मार्ग पर यात्री ट्रेन शुरू होने की उम्मीद बढ़ी थी, लेकिन करीब एक साल गुजरने के बावजूद संचालन शुरू नहीं हुआ है।

निरीक्षण दल में महाप्रबंधक के साथ एजीएम विजय साहू, प्रिंसिपल चीफ कमर्शियल मैनेजर प्रवीण पाण्डेय, बिलासपुर डीआरएम राजमल खोईवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कुल 65 कर्मचारी शामिल थे।

करीब तीन साल पहले एक रेल हादसे के बाद लिंक एक्सप्रेस को बालपुर-सारागांव बाइपास से टिटलागढ़ की ओर चलाने की योजना बनाई गई थी। बाद में इस योजना पर अमल नहीं हुआ और ट्रेन को चांपा से रायगढ़ की ओर संचालित किया गया। इसके बाद भी बाइपास पर यात्री ट्रेन चलाने की मांग पूरी नहीं हो सकी।

हाल ही में कोरबा दौरे पर आए डीआरएम राकेश रंजन के समक्ष भी यह मुद्दा उठाया गया था। उन्होंने चांपा, नैला-जांजगीर और रायगढ़ में प्रस्तावित नॉन-इंटरलॉकिंग कार्यों का उल्लेख किया था। फिलहाल यात्रियों को बालपुर-सारागांव रेल लाइन पर नियमित ट्रेन शुरू होने और कोरबा को रायगढ़ रेल मार्ग से जोड़ने का इंतजार है।

Related Articles

Back to top button