Chhattisgarh

बिलासपुर में शराब दुकान की दीवार तोड़कर चोरी, महंगी शराब की बोतलें और नकदी ले उड़े चोर, सकरी पुलिस जांच में जुटी

बिलासपुर, 21 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला सकरी थाना क्षेत्र के कोड़ापुरी स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान का है, जहां अज्ञात चोरों ने दुकान की पिछली दीवार में सेंध लगाकर शराब की महंगी बोतलों और गल्ले में रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने कुल 14 हजार 400 रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। घटना की शिकायत पर सकरी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कोड़ापुरी स्थित कंपोजिट मदिरा दुकान में सुजीत चतुर्वेदी (37 वर्ष), पिता ईश्वर लाल चतुर्वेदी, निवासी ग्राम दौना, थाना सरगांव, सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि 18 और 19 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने दुकान की पिछली दीवार में सेंध लगाकर भीतर प्रवेश किया और शराब की बोतलों के साथ गल्ले में रखी नकदी चोरी कर फरार हो गए।

19 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे जब सुपरवाइजर सुजीत चतुर्वेदी ड्यूटी पर पहुंचे, तब दुकान में चोरी की जानकारी हुई। दुकान की पिछली दीवार में सेंध लगी हुई थी और अंदर रखी शराब की कई बोतलें तथा गल्ले की नकदी गायब थी। इसके बाद उन्होंने चोरी गए सामान का मिलान कर सकरी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के मुताबिक, चोर दुकान से एक पेटी प्लेन मदिरा के 48 पाव, जिसकी कीमत 3,840 रुपए है, चोरी कर ले गए। इसके अलावा 3,200 रुपए की 8 पीएम ब्लैक की चार बोतलें, 1,400 रुपए की ब्लेंडर्स प्राइड रिजर्व, 640 रुपए की मेड ऑफ प्रीमियम और 960 रुपए की व्हाइट एंड ब्लू शराब भी चोरी हुई है। वहीं, दुकान के गल्ले में रखे 4,360 रुपए नकद भी गायब मिले। इस तरह शराब और नकदी मिलाकर कुल 14,400 रुपए की चोरी बताई गई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद सकरी थाना पुलिस ने सुपरवाइजर की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(a) और 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button